जल्द शादी करने वाले थे 'तारक मेहता ...' के सोढ़ी! सीसीटीवी में यहां दिखाई दिए

गुरुचरण सिंह ने दिल्ली में एक एटीएम से लगभग 7,000 रुपए निकाले थे

Photo: sodhi_gcs Instagram account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' से मशहूर हुए अभिनेता गुरुचरण सिंह हफ्तेभर से लापता हैं। पुलिस ने उनके पिता की शिकायत के आधार पर अपहरण का मामला दर्ज किया है और उनका पता लगाने के लिए टीमें गठित की हैं।

एक समाचार चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती जांच से पता चला है कि गुरुचरण सिंह जल्द ही शादी करने वाले थे। हालांकि वे वित्तीय संकट का भी सामना कर रहे थे।

गुरुचरण सिंह ने दिल्ली में एक एटीएम से लगभग 7,000 रुपए निकाले थे। उनकी आखिरी लोकेशन 24 अप्रैल को घर से कुछ किलोमीटर दूर पालम में पाई गई। उसके बाद उनका फोन बंद हो गया।

गुरुचरण सिंह के पिता ने बताया कि उनका बेटा 22 अप्रैल को दिल्ली से मुंबई के लिए निकला था। वह मुंबई नहीं पहुंचा। 

बताया गया कि गुरुचरण सिंह की फ्लाइट सोमवार रात 8.30 बजे थी। हालांकि उन्हें उस रात करीब 9.14 बजे पालम में एक चौराहे पर देखा गया था।

वहां लगाए गए एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पता चला कि गुरुचरण सिंह ने बैकपैक ले रखा था और वे सड़क पार कर रहे थे।

पुलिस टीमें अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही हैं। गुरुचरण सिंह के परिजन और प्रशंसक उनकी सकुशल वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

About The Author: News Desk