हम 'मजबूत सरकार' की बात करते हैं, ममता 'मजबूर सरकार' चाहती हैं: नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पश्चिम बंगाल के बुरवान में जनसभा को संबोधित किया

नड्डा ने कहा कि ममता बनर्जी ने संदेशखाली कांड के आरोपी शाहजहां शेख को बचाने का काम किया

बुरवान/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पश्चिम बंगाल के बुरवान में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बंगाल, जिसे आज तीव्र गति से आगे चलना चाहिए था, लेकिन ममता बनर्जी के राज में भ्रष्टाचार, टोलाबाजी, कुशासन के कारण उसका विकास रुक गया। ममता बनर्जी ने जिस तरीके से बंगाल को बदनाम किया, कुशासन किया, उससे इसकी हालत बहुत ही नाजुक और खराब हो गई। 

नड्डा ने कहा कि हम 'मजबूत सरकार' की बात करते हैं, लेकिन ममता 'मजबूर सरकार' चाहती हैं। ममता ऐसी सरकार चाहती हैं, जो तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार और भेदभाव में विश्वास रखती हो और जिसका आतंकवादियों के प्रति नरम रुख हो। दूसरी ओर, मोदी की 'मजबूत सरकार' विकास और समृद्धि, देश को सुरक्षित करने और आतंकवाद व गलत कामों का जवाब सर्जिकल स्ट्राइक से देने में विश्वास करती है।

नड्डा ने कहा कि आज दुनिया की अर्थव्यस्था लड़खड़ा रही है और भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। मोदी के नेतृत्व में भारत 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था से 5वें नंबर की दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। मोदी के तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

नड्डा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार और लूट तृणमूल कांग्रेस के लिए रोजमर्रा की दिनचर्या बन गई है। इस सरकार ने पश्चिम बंगाल को बेशुमार घोटालों के अलावा कुछ नहीं दिया। हाल ही में सामने आए शिक्षक भर्ती घोटाले के कारण हजारों लोगों की आजीविका और अवसरों का नुकसान हुआ। दूसरी ओर, मोदी के शानदार नेतृत्व में 'मजबूत सरकार' में पिछले 10 वर्षों के दौरान एक भी घोटाला नहीं हुआ है।

नड्डा ने कहा, क्या कभी किसी ने सोचा था कि किसानों को सालाना 6,000 रुपए मिलेंगे? लेकिन मोदी के नेतृत्व में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत आज हर किसान को सालाना 6,000 रुपए मिल रहे हैं।

नड्डा ने कहा कि मोदी ने देश के हर वर्ग को आगे बढ़ाने का काम किया है। गरीब, किसान, युवा, महिला सभी को सशक्त करने का काम किया है। पीएम आवास योजना के तहत घर देने का काम, आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज की सुविधा ... जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं देने का काम मोदी सरकार ने किया है।

नड्डा ने कहा कि यह हमारे उम्मीदवार को जिताने के बारे में नहीं है, यह आपके वोटों से ममता के कुशासन का जवाब देने के बारे में है। पश्चिम बंगाल को तृणमूल कांग्रेस के भ्रष्ट चंगुल से बचाने के लिए भाजपा को चुनना सुनिश्चित करें।

नड्डा ने कहा कि संदेशखाली में महिलाओं के साथ जिस प्रकार से अत्याचार हुआ और जिस प्रकार से महिलाओं की इज्जत और आबरू से खिलवाड़ करने वाले शाहजहां शेख को बचाने का काम ममता बनर्जी ने किया, यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। पश्चिम बंगाल में महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद यहां महिलाओं के साथ उत्पीड़न हो रहा है। इससे शर्मनाक बात क्या हो सकती है?

नड्डा ने कहा कि तुष्टीकरण के अपने शर्मनाक खेल में कांग्रेस हमारे ओबीसी, एससी तथा एसटी भाइयों-बहनों के अधिकारों को और भी छीनने के लिए उत्सुक है। कांग्रेस जैसी भ्रष्ट पार्टियां सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए एक समुदाय को लुभा रही हैं। क्या आप ऐसी पार्टियों को आगे आकर शासन करने देंगे? नहीं।

About The Author: News Desk