कसाब को फांसी के फंदे तक पहुंचाने वाले उज्ज्वल निकम को भाजपा ने इस सीट से बनाया उम्मीदवार

निकम 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले के मामले में विशेष लोक अभियोजक थे

Photo: ujjwalnikam FB page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। पाकिस्तानी आतंकवादी कसाब को फांसी के फंदे तक पहुंचाने वाले मशहूर वकील उज्ज्वल निकम को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है।

पार्टी द्वारा जारी की गई सूची के अनुसार, मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा क्षेत्र से उज्ज्वल निकम को टिकट दिया गया है। निकम 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले के मामले में विशेष लोक अभियोजक थे। उनके प्रयासों से आतंकवादी कसाब के लिए फांसी का रास्ता साफ हुआ था। 

अभी मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा क्षेत्र से भाजपा की पूनम महाजन सांसद हैं। पार्टी ने उनका टिकट काटकर उज्ज्वल निकम को मैदान में उतारा है।

निकम का जन्म महाराष्ट्र के जलगांव में हुआ था। उनके पिता देवराव निकम एक न्यायाधीश थे। उनकी मां गृहिणी थीं। विज्ञान में स्नातक की डिग्री प्राप्त करने के बाद उन्होंने जलगांव के कॉलेज से कानून की डिग्री हासिल की। 

उज्ज्वल निकम ने जलगांव में बतौर जिला अभियोजक अपना करियर शुरू किया और राज्य तथा राष्ट्रीय ट्रायल्स तक काम किया। अपने 30 साल के करियर में, उन्होंने 628 आजीवन कारावास और 37 मृत्युदंड करवाने में कामयाबी हासिल की।

उज्ज्वल निकम ने 26/11 मुंबई हमले के मुकदमे के दौरान राज्य की ओर से बहस की थी। उन्हें साल 2016 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।

निकम ने दिसंबर 2010 में न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में आतंकवाद पर आयोजित एक विश्वव्यापी सम्मेलन में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व किया था।

About The Author: News Desk