Dakshin Bharat Rashtramat

यह चुनाव देश के लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है: खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष ने असम के गुवाहाटी में संवाददाताओं को संबोधित किया

यह चुनाव देश के लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है: खरगे
Photo: IndianNationalCongress FB page

गुवाहाटी/दक्षिण भारत। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को असम के गुवाहाटी में संवाददाताओं को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह चुनाव देश के लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है।

खरगे ने कहा कि देश की जनता बहुत कठिनाई में जीवन गुजार रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने देश की जनता से कुछ वादे किए थे, जैसे- हर साल 2 करोड़ नौकरियां दूंगा, विदेशों से काला धन वापस लाऊंगा, सबके खातों में 15 लाख डालूंगा ...।

खरगे ने आगे उन 'वादों' का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों की आय दोगुनी होगी, साल 2022 तक सभी को घर दूंगा ...। उन्होंने कहा कि मोदी ने सिर्फ झूठ बोला, उन्होंने एक भी वादा पूरा नहीं किया।

खरगे ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई लड़ने वाले कांग्रेस के लोग हैं। आजादी के लिए भाजपा ने कोई लड़ाई नहीं लड़ी, लेकिन देशभक्ति की बातें खूब करते हैं। देशभक्ति की बातें तो ऐसे करते हैं, जैसे मोदी के आगे पंडित जवाहर लाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री और इंदिरा गांधी कुछ भी नहीं है।

खरगे ने कहा कि भाजपा के मुताबिक तो देश को आजादी ही साल 2014 में मिली है।

About The Author: News Desk

News Desk Picture