'तारक मेहता ...' के सोढ़ी की 'गुमशुदगी' के मामले में यह बड़ी जानकारी आई सामने

गुरुचरण सिंह 22 अप्रैल से लापता हैं

Photo: sodhi_gcs Instagram account

नई दिल्ली/मुंबई/दक्षिण भारत। धारावाहिक 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के अभिनेता गुरुचरण सिंह सोढ़ी कुछ दिनों से लापता हैं। इस बीच मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुचरण सिंह के पिता हरजीत सिंह ने दिल्ली के पालम पुलिस स्टेशन में अपने बेटे के लापता होने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने इसके आधार पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 365 के तहत प्राथमिकी दर्ज की।

बताया गया है कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह कदम उठाया है। गुरुचरण सिंह 22 अप्रैल से लापता हैं। इस घटना से उनके परिवार समेत लाखों प्रशंसक चिंतित हैं और उनकी सकुशल वापसी के लिए प्रार्थनाएं कर रहे हैं।

अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, गुरुचरण सिंह को 22 अप्रैल को सुबह 8:30 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से मुंबई के लिए प्रस्थान करना था। हालांकि वे उस मुंबई की फ्लाइट में नहीं चढ़े।

गुरुचरण सिंह के पिता ने दिल्ली में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि बेटे को 22 अप्रैल को सुबह 8:30 बजे मुंबई जाना था। इसके लिए वे घर से निकले और फ्लाइट पकड़ने के लिए हवाईअड्डा पहुंचे।

हालांकि उसके बाद वे न तो मुंबई पहुंचे और न ही घर लौटे। उनका फोन भी नहीं मिल रहा है। इससे परिवार को काफी​ चिंता हो रही है। गुरुचरण सिंह के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी लोग उनसे लौट आने की अपील कर रहे हैं।

About The Author: News Desk