दिग्विजय पर शाह का हमला- राजगढ़ वालों को राजनीति से इनकी परमानेंट विदाई करनी है

केंद्रीय गृह मंत्री ने मध्य प्रदेश के राजगढ़ में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया

शाह ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने 'भगवा आतंकवाद' शब्द कहा था

राजगढ़/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के राजगढ़ में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दो-दो बार इस देश की जनता ने मोदी को पूर्ण बहुमत दिया। दस साल तक मोदी ने ढेर सारे काम किए हैं। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस 70 साल से राम मंदिर के मुद्दे को अटका रही थी, लटका रही थी, भटका रही थी। आपने मोदी को दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया, उन्होंने भूमिपूजन भी किया और 22 जनवरी को प्राण-प्रतिष्ठा कर जय श्रीराम कर दिया।

शाह ने कहा कि राहुल बाबा को प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण भेजा गया, लेकिन वे नहीं गए, क्योंकि अपने वोटबैंक से डरते हैं। जो निमंत्रण मिलने के बाद न मंदिर गए, न अयोध्या गए, इन लोगों को कभी माफ नहीं किया जा सकता।

शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 10 साल में पूरे देश से आतंकवाद और नक्सलवाद को समाप्त कर दिया। दिग्गी राजा के समय में मध्य प्रदेश नक्सलवाद से पीड़ित राज्य माना जाता था। आज भाजपा ने मध्य प्रदेश से नक्सलवाद को समाप्त करने का काम किया है।

शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी वर्षों से गरीबी हटाने की बात करती थी। चार-चार पीढ़ियों तक इन्होंने यही बात कही, लेकिन कुछ नहीं हुआ। मोदी ने 10 साल में ही 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम किया।

शाह ने कहा कि दिग्गी राजा की सलाह से अपने घोषणा पत्र में कहा है कि कांग्रेस सरकार आएगी, तो मुस्लिम पर्सनल लॉ लाएंगे। इनकी सरकार तो आनी नहीं है, मगर मैं फिर भी आपसे पूछता हूं कि क्या शरिया कानून से देश चलना चाहिए? यह कांग्रेस पार्टी पर्सनल लॉ की बात करके, पिछले दरवाजे से देश में शरिया कानून लाने की बात करती है।

शाह ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने 'भगवा आतंकवाद' शब्द कहा था। ये पाकिस्तानी आतंकवादी हाफिज सईद को साहब कहकर बुलाते हैं, जाकिर नाइक को गले लगाते हैं, अफजल गुरु की फांसी का विरोध करते हैं और पीएफआई पर बैन का भी विरोध करते हैं।

शाह ने कहा कि ये बहुत बार आए और बहुत बार गए। अब समय आ गया है इनको परमानेंट विदाई देने का। राजनीति से दिग्विजय सिंह की परमानेंट विदाई राजगढ़ वालों को करनी है।

About The Author: News Desk