Dakshin Bharat Rashtramat

आज देश में मजबूत सरकार, इसलिए आतंकवादियों को घर में घुसकर मारा जाता है: मोदी

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के ऋषिकेश में भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित किया

आज देश में मजबूत सरकार, इसलिए आतंकवादियों को घर में घुसकर मारा जाता है: मोदी
'जब-जब देश में कमजोर और अस्थिर सरकार रही है, तब-तब दुश्मनों ने फायदा उठाया और आतंकवाद ने पैर पसारे'

ऋषिकेश/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को उत्तराखंड के ऋषिकेश में भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कल मैं भारत के दक्षिणी छोर पर, सागर तट पर बसे तमिलनाडु में था और वहां भी लोग कह रहे हैं- फिर एक बार मोदी सरकार। आज हिमालय की गोद में बाबा केदार और बद्री विशाल की चरणों में हूं और यहां भी वही गूंज है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश में ऐसी सरकार है, जिसने बीते 10 वर्षों में भारत को ​पहले की तुलना में कई गुना मजबूत कर दिया है। जब-जब देश में कमजोर और अस्थिर सरकार रही है, तब-तब दुश्मनों ने फायदा उठाया और आतंकवाद ने पैर पसारे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश में मोदी की मजबूत सरकार है, इसलिए आतंकवादियों को घर में घुसकर मारा जाता है। भारत का तिरंगा युद्ध क्षेत्र में भी सुरक्षा की गारंटी बन जाता है। सात दशक बाद जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 निरस्त किया गया।

उन्होंने कहा कि देश में तीन तलाक के खिलाफ काननू बना, महिलाओं को लोकसभा, विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण मिला। सामान्य वर्ग के गरीबों को भी 10 प्रतिशत आरक्षण मिला।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के समय में तो जवानों के पास बुलेटप्रूफ जैकेट तक की कमी थी। दुश्मन की गोली से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं था। यह भाजपा है, जिसने भारत में बनीं बुलेटप्रूफ जैकेट अपने सैनिकों को दी, उनके जीवन की रक्षा की। आज आधुनिक राइफल से लेकर लड़ाकू विमान और विमानवाहक पोत तक देश में ही बन रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की कमजोर सरकार सीमाओं पर आधुनिक आधारभूत ढांचा नहीं बना पाई। आज देखिए, सीमा पर आधुनिक सड़कें बन रही हैं, आधुनिक सुरंगें बन रही हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तब लोगों के हक का पैसा बिचौलिए खा जाते थे। अब लोगों के हक का पैसा सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित किया जा रहा है। यह लूट मोदी ने बंद की है, इसलिए मोदी पर उनका गुस्सा सातवें आसमान पर है।

About The Author: News Desk

News Desk Picture