आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर प्रियांक खरगे ने किया यह दावा!

पत्रकारों से बात करते हुए प्रियांक खरगे ने कहा ...

Photo: PriyankMKharge FB page

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खरगे ने शनिवार को दावा किया कि आरएसएस के आंतरिक सर्वेक्षण के अनुसार, भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में 200 सीटें भी नहीं जीत पाएगी और राज्य में आठ सीटें पार नहीं कर पाएगी।

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर उनके हालिया बयान के लिए 'झूठ' बोलने का आरोप लगाया गया। उसमें शाह ने सूखा राहत के लिए केंद्र को प्रस्ताव सौंपने में राज्य सरकार की ओर से देरी का आरोप लगाया था।

उन्होंने दावा किया कि आरएसएस के आंतरिक सर्वेक्षण में कहा गया है कि उन्हें (भाजपा) 200 सीटें भी नहीं मिलेंगी। यह आरएसएस कह रहा है। राज्य में वे आठ सीटें भी पार नहीं करेंगे। वे कैसे जीतेंगे, चौदह-पंद्रह सीटों पर (भाजपा में) अंदरूनी लड़ाई है।

यहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के कई वरिष्ठ नेता पार्टी को शुद्ध करने की जरूरत के बारे में भी बोल रहे हैं।

प्रियांक ने कहा कि वे (कुछ भाजपा नेता) कह रहे हैं कि भाजपा (राज्य में) एक परिवार के कारण प्रदूषित है। वे कह रहे हैं कि मूल भाजपा को फिर से स्थापित करना चाहते हैं। क्या यह हम (कांग्रेस) कह रहे हैं? नहीं, वे ऐसा कह रहे हैं। वे यह भी दावा कर रहे हैं कि भाजपा में बसनगौड़ा पाटिल यतनाल, सीटी रवि, अनंतकुमार हेगड़े, ईश्वरप्पा जैसे हिंदुत्व नेताओं के साथ अन्याय हो रहा है। वे खुद लड़ रहे हैं, कांग्रेस ने यह पैदा नहीं किया है।

About The Author: News Desk