Dakshin Bharat Rashtramat

कांग्रेस की सरकारें जो कई दशकों में नहीं कर पाईं, वह भाजपा ने 10 साल में करके दिखाया: मोदी

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया

कांग्रेस की सरकारें जो कई दशकों में नहीं कर पाईं, वह भाजपा ने 10 साल में करके दिखाया: मोदी
'जिन-जिन लोगों ने शक्ति को नष्ट करने का प्रयास किया है, उन सबका क्या हाल हुआ है, यह इतिहास और पुराणों में अंकित है'

सहारनपुर/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि साल 2024 का चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का चुनाव नहीं है, बल्कि यह विकसित भारत बनाने के लिए है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा यह स्थान मां शक्ति का स्थान है। यह मां शक्ति की साधना का स्थान है और हिंदुस्तान के हर कोने में शक्ति की उपासना हमारी स्वाभाविक, आध्यात्मिक यात्रा का हिस्सा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम वो देश हैं, जो कभी भी शक्ति उपासना को नकारते नहीं हैं, लेकिन यह देश का दुर्भाग्य है कि इंडि गठबंधन के लोग चुनौती दे रहे हैं कि उनकी लड़ाई शक्ति के खिलाफ है। जिन-जिन लोगों ने शक्ति को नष्ट करने का प्रयास किया है, उन सबका क्या हाल हुआ है, यह इतिहास और पुराणों में अंकित है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं 10 वर्ष पहले चुनावी जनसभा के लिए सहारनपुर आया था। उस समय देश घोर निराशा, घोर संकट के दौर से गुजर रहा था। तब मैंने आपको गारंटी दी थी कि मैं देश झुकने नहीं दूंगा, देश रुकने नहीं दूंगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैंने संकल्प लिया था कि आपके आशीर्वाद से हर स्थिति, हर परिस्थिति को बदलूंगा, निराशा को आशा में बदलूंगा, आशा को विश्वास में बदलूंगा। आपने अपने आशीर्वाद में कोई कमी नहीं रखी और मोदी ने अपनी मेहनत में कोई कमी नहीं छोड़ी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हिंदुस्तान के हर कोने से एक ही आवाज आ रही है। महिलाएं भी बोल रही हैं, बुजुर्ग भी बोल रहे हैं, गांव भी बोल रहा है, शहर भी बोल रहे हैं- फिर एक बार मोदी सरकार।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भाजपा का स्थापना दिवस है। बहुत कम दशकों में ही भाजपा के साथ रिकॉर्ड संख्या में हमारे देशवासी जुड़े हैं। भाजपा ने लोगों का भरोसा जीता है, भाजपा ने लोगों दिल जीता है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि भाजपा राजनीति नहीं, राष्ट्रनीति पर चलती है। भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम है। कांग्रेस की सरकारें जो कई दशकों में नहीं कर पाईं, वह भाजपा ने 10 साल में करके दिखाया है। 

About The Author: News Desk

News Desk Picture