कर्नाटक भाजपा कार्यकर्ताओं से बोले मोदी- 10 वर्षों में जो उपलब्धियां हासिल कीं, उन्हें जनता तक ले जाना है

उन्होंने कहा कि जनसेवा के इस महायज्ञ को जारी रखने के लिए सरकार में वापसी जरूरी है

प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनाव प्रचार में दो बातें होती हैं: प्रचार और  बूथ को मजबूत करना

नई दिल्ली/बेंगलूरु/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नमो ऐप के जरिए कर्नाटक के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल को भाजपा का स्थापना दिवस होता है। यह वो दिन है, जो जनसेवा का संकल्प और मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि जनसेवा के इस महायज्ञ को जारी रखने के लिए सरकार में वापसी उतनी ही जरूरी है और जनता-जनार्दन का आशीर्वाद भी उतना ही जरूरी है। इसलिए 10 वर्षों तक कार्य करके हमने जो उपलब्धियां हासिल की हैं, उन सबको जनता तक ले जाना है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्नाटक की जनता को भाजपा पर पूरा भरोसा है। हमें '4 जून, 400 पार' की गूंज घर-घर में सुनाई दे रही है। मेरा लक्ष्य है- हमें बूथ जीतना है। हमें मतदान केंद्रों पर विजयी होना है। इसके लिए हमें उचित योजनाएं और रणनीतियां बनानी होंगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनाव प्रचार में दो बातें होती हैं: प्रचार और  बूथ को मजबूत करना। मैं आपसे आग्रह करूंगा कि आप दूसरे पहलू पर भी ध्यान दें। हर बूथ पर महिला मतदताओं का जुलूस निकालना सुनिश्चित करें। इससे महिला मतदाताओं में जागरूकता फैलेगी। इससे उनमें आत्मविश्वास और एकता की भावना पैदा होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग की आकांक्षाओं को भाजपा ही पूरा कर सकती है। गरीब का पक्का मकान हो, पीएम किसान सम्मान निधि हो, शौचालय, बिजली, नल से जल और गैस कनेक्शन की सुविधा हो ... ये सब काम भाजपा सरकार कर रही है और हर वर्ग के सपने को पूरा कर रही है।

About The Author: News Desk