अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर क्या बोली 'आप'?

केजरीवाल को ईडी ने गुरुवार को आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था

Photo: atishiaap FB page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) ईडी की हिरासत में जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा को लेकर चिंतित है।

केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था।

यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आतिशी ने कहा कि भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में यह पहली बार है कि किसी राष्ट्रीय पार्टी के प्रमुख को लोकसभा चुनाव से पहले गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी एक भी सबूत पेश नहीं कर पाई है। इससे पता चलता है कि भाजपा अरविंद केजरीवाल से कितनी डरी हुई है। वे जानते हैं कि केवल एक नेता उन्हें चुनौती दे सकता है। यही कारण है कि वे अरविंद केजरीवाल और 'आप' को रौंदने की हर कोशिश कर रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि 'अरविंद केजरीवाल एक विचारधारा हैं, एक प्रेरणा हैं। लोकतंत्र को बचाने के लिए उन्होंने अपनी इनकम टैक्स की नौकरी छोड़ दी थी और सड़कों पर उतर आए थे। उन्हें लोकसभा चुनाव में प्रचार करने से रोकने के लिए गिरफ्तार किया गया है। लोकतंत्र को बचाने के लिए कई केजरीवाल निकलेंगे।'

About The Author: News Desk