नई दिल्ली/दक्षिण भारत। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है और सीटों के बंटवारे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में फैसला नहीं किया जा सकता।
साल 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन के बारे में लवली ने कहा कि कांग्रेस ने पिछली बार पांच सीटों पर दूसरा स्थान हासिल किया था।
लवली ने कहा कि लोकसभा की सीटें प्रेस कॉन्फ्रेंस में तय नहीं की जा सकतीं। हम इस बार दिल्ली में किसी भी अन्य पार्टी की तुलना में सबसे ज्यादा तैयार हैं। जब पार्टी के प्रदर्शन की बात आती है तो 2019 के लोकसभा चुनाव के नतीजे सभी जानते हैं। पांच सीटों पर कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी।
बता दें कि ‘आप’ ने मंगलवार को कहा कि वह आगामी लोकसभा चुनाव में दिल्ली में छह सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है और कांग्रेस को सिर्फ एक सीट देना चाहती है। पार्टी ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस, जो इंडि गठबंधन की वरिष्ठ सहयोगी है, राष्ट्रीय राजधानी में पिछले चुनावों में अपने प्रदर्शन को देखते हुए एक भी सीट की हकदार नहीं है।
लवली ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस एकमात्र पार्टी है, जिसने सभी सात लोकसभा सीटों पर कई बैठकें की हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इंडि गठबंधन में सबसे बड़ी पार्टी है और हम हमेशा अन्य विपक्षी दलों के साथ काम करने की पूरी कोशिश करते हैं, क्योंकि हमारा मकसद लोकतंत्र को बचाना है।








