झारखंड: विश्वास मत प्रक्रिया में भाग लेने के लिए विधानसभा पहुंचे हेमंत सोरेन

रांची की एक विशेष अदालत ने हेमंत सोरेन को शक्ति परीक्षण में भाग लेने की अनुमति दे दी है

Photo: @HemantSorenJMM FB page

रांची/दक्षिण भारत। गिरफ्तार झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को चंपई सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के विश्वास मत प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए यहां विधानसभा पहुंचे।

रांची की एक विशेष अदालत ने झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को शक्ति परीक्षण में भाग लेने की अनुमति दे दी है।

कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने 31 जनवरी को हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया था।

अदालत ने उन्हें 2 फरवरी को पांच दिनों के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया था।

हेमंत सोरेन ने विशेष पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) अदालत के समक्ष एक याचिका दायर की थी, जिसमें नई सरकार द्वारा मांगे गए विश्वास मत में भाग लेने की अनुमति मांगी गई थी।

उन्होंने अदालत के समक्ष दलील दी थी कि वे विधानसभा के सदस्य हैं और उन्हें सदन के विशेष सत्र में भाग लेने का अधिकार है।

चंपई सरकार ने सदन में बहुमत साबित करने के लिए शक्ति परीक्षण की मांग की है।

झामुमो विधायक दल के नेता चंपई सोरेन ने अपने पूर्ववर्ती हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद 2 फरवरी को झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

About The Author: News Desk