ज्ञानवापी: अदालत से अनुमति मिलने के बाद ऐसे हुई 'व्यासजी के तहखाने' में पूजा, देखिए तस्वीरें

बुधवार देर रात तहखाना खोला गया और उसकी सफाई की गई

लोग इसे ऐतिहासिक क्षण बता रहे हैं

वाराणसी/दक्षिण भारत। यहां ज्ञानवापी परिसर स्थित व्यासजी के तहख़ाने में हिंदुओं को पूजा-पाठ की अदालती अनुमति मिलने के बाद इसका एक वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में देखा जा सकता है कि वैदिक मंत्र पढ़ते हुए और घंटी बजाते हुए पुजारी विधि-विधान से यहां भगवान का पूजन कर रहे हैं। यहां रोशनी की भी अच्छी व्यवस्था की गई। 

बता दें कि अदालत की ओर से अनुमति मिलने के बाद बुधवार देर रात को तहखाना खोला गया और उसकी सफाई की गई। उसके बाद यहां भगवान का पूजन किया गया।

व्यास परिवार की ओर से बताया गया कि हाल में अयोध्या के श्रीराम मंदिर का मुहूर्त निकालने वाले आचार्य गणेश्वर द्रविड़ के नेतृत्व में यह पूजन कार्य हुआ। इस दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर के पुजारी ने तहखाने में पूजा कराई।

पूजन के लिए सबसे पहले तहखाना खोलकर उसकी सफाई की गई। फिर विधिपूर्वक शुद्धीकरण हुआ। उसके बाद गणेश्वर द्रविड़ ने मंगल कलश की स्थापना की। उन्होंने देवताओं को नमन किया और भगवान गणपति, मां गौरी आदि की आरती की। भगवान को नैवेद्य, फल, पुष्प आदि चढ़ाए गए।

मौके पर जिलाधिकारी एस राजलिंगम, मंडलायुक्त कौशलराज शर्मा, पुलिस आयुक्त अशोक मुथा जैन, मंदिर के ट्रस्टी और कई अधिकारी मौजूद थे। पूजन में लगभग 40 मिनट का समय लगा। सोशल मीडिया पर वायरल उक्त वीडियो को देखकर लोग इसे ऐतिहासिक क्षण बता रहे हैं।

About The Author: News Desk