Dakshin Bharat Rashtramat

कांग्रेस 14 जनवरी से निकालेगी 6,000 किमी से अधिक की 'भारत न्याय यात्रा'

यात्रा के दौरान महिलाओं, युवाओं और हाशिए पर रहने वाले समुदायों के साथ बातचीत की जाएगी

कांग्रेस 14 जनवरी से निकालेगी 6,000 किमी से अधिक की 'भारत न्याय यात्रा'
Photo: INC twitter

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। कांग्रेस ने बुधवार को घोषणा की कि वह राहुल गांधी के नेतृत्व में 14 जनवरी से पूर्व में मणिपुर से पश्चिम भारत में मुंबई तक 14 राज्यों और 85 जिलों को कवर करते हुए 'भारत न्याय यात्रा' आयोजित करेगी।

यह यात्रा मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र से होते हुए लगभग 6,200 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 20 मार्च को समाप्त होगी।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'भारत जोड़ो यात्रा के बाद, कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत न्याय यात्रा निकालेगी।'

इस यात्रा को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 14 जनवरी को इंफाल से हरी झंडी दिखाएंगे। रमेश ने कहा, भारत न्याय यात्रा देश के लोगों के लिए आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय हासिल करने पर केंद्रित होगी।

कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने 14 जनवरी से 20 मार्च तक मणिपुर से मुंबई तक 'भारत न्याय यात्रा' आयोजित करने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान महिलाओं, युवाओं और हाशिए पर रहने वाले समुदायों के साथ बातचीत की जाएगी।

उन्होंने कहा, भारत न्याय यात्रा ज्यादातर बस के साथ-साथ पैदल चलकर तय की जाएगी।

About The Author: News Desk

News Desk Picture