Dakshin Bharat Rashtramat

मोहन यादव को मप्र की कमान, दो उपमुख्यमंत्री, तोमर को भी मिला बड़ा जिम्मा

मोहन यादव ने कहा, 'मैं पार्टी का एक छोटा-सा कार्यकर्ता हूं'

मोहन यादव को मप्र की कमान, दो उपमुख्यमंत्री, तोमर को भी मिला बड़ा जिम्मा
मोहन यादव का राजनीतिक करियर साल 2013 में विधायक के रूप में चुने जाने के साथ शुरू हुआ था

भोपाल/दक्षिण भारत। मोहन यादव मध्य प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा ने उनके नाम की घोषणा कर दी है। उज्जैन से तीन बार विधायक रहे यादव अपने पूर्ववर्ती शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमंडल का हिस्सा थे।

इसके अलावा दो उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला होंगे। नरेंद्र सिंह तोमर विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाएंगे।

इस अवसर पर मोहन यादव ने कहा, 'मैं पार्टी का एक छोटा-सा कार्यकर्ता हूं। मैं आप सभी को, प्रदेश नेतृत्व और केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद देता हूं। आपके प्यार और समर्थन से मैं अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने की कोशिश करूंगा।'

बता दें कि मोहन यादव का राजनीतिक करियर साल 2013 में विधायक के रूप में चुने जाने के साथ शुरू हुआ था। वे साल 2018 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में फिर से जीत गए थे। उन्हें जुलाई 2020 में शिवराज मंत्रिमंडल में मंत्री बनाया गया था।

उज्जैन में 25 मार्च, 1965 को जन्मे मोहन यादव कई सालों से भाजपा से जुड़े हुए हैं। वे राजनीति के अलावा व्यवसाय में भी स​क्रिय रहे हैं।

मोहन यादव ने हालिया विधानसभा चुनाव उज्जैन दक्षिण सीट से लड़ते हुए कांग्रेस उम्मीदवार चेतन यादव को 12,941 वोटों के अंतर से शिकस्त दी थी। इस तरह उन्होंने लगातार तीसरी बार इस सीट पर कमल खिला दिया।

About The Author: News Desk

News Desk Picture