Dakshin Bharat Rashtramat

गहलोत सरकार ने किसानों को धोखा दिया: नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राजस्थान के धोद में जनसभा को संबोधित किया

गहलोत सरकार ने किसानों को धोखा दिया: नड्डा
नड्डा ने कहा कि आज राजस्थान की पहचान भ्रष्टाचार से होती है, बहू-बेटियों के साथ अत्याचार करने वाले राज्य के रूप में होती

धोद/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को राजस्थान के धोद में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान ने संस्कारों में अपने आप को स्थापित किया है। यहां के देव तुल्य लोगों ने देश को एक दिशा दी, लेकिन पिछले पांच सालों में इस राजस्थान को गहलोत सरकार के खोट के कारण बहुत बड़ी चोट लगी है। राजस्थान को ग्रहण लग गया है। 

नड्डा ने कहा कि आज राजस्थान की पहचान भ्रष्टाचार से होती है, बहू-बेटियों के साथ अत्याचार करने वाले राज्य के रूप में होती है। यहां की सरकार द्वारा किसानों को धोखा दिया जा रहा है। आज राजस्थान की चर्चा दलितों के साथ अत्याचार और धार्मिक ध्रुवीकरण के कारण होती है। गहलोत सरकार ने धर्म के नाम पर दलितों, युवाओं और किसानों के साथ अत्याचार किया है। आपको 25 नवंबर को इसका जवाब देना है।

नड्डा ने कहा कि जहां कांग्रेस होगी, वहां भ्रष्टाचार होगा, लूट होगी, घोटाला होगा, घपला होगा, अत्याचार होगा, व्यभिचार होगा, छलावा होगा, धोखा होगा। जहां भाजपा का कमल होगा, वहां तरक्की होगी, देश-प्रदेश आगे बढ़ेंगे।

नड्डा ने कहा कि गहलोत सरकार ने किसानों को धोखा दिया। इन्होंने यहां कर्जमाफी का वादा किया था, लेकिन आज 19,400 किसानों की जमीन कुर्क की जा चुकी है। रामनवमी पर शोभायात्रा को गहलोत सरकार ने रोका। कावड़ यात्रा रोकी। 300 साल पुराना शिव मंदिर बुल्डोजर से ढहा दिया गया। यहां 'सर तन से जुदा' के नारे लगे। आपको इसका जवाब 25 नवंबर को कमल का बटन दबाकर देना है।

नड्डा ने कहा कि यहां माताओं-बहनों को पानी के लिए दो-दो किमी दूर जाना पड़ता था। मोदी ने तय किया है कि यहां 36 लाख परिवारों को जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल से जल दिया जाएगा, लेकिन मोदी सरकार के जल जीवन मिशन को गहलोत सरकार ने 'अपनी जेब भरो' मिशन बना लिया है।

About The Author: News Desk

News Desk Picture