Dakshin Bharat Rashtramat

अफगानिस्तान में भूकंप से अब तक 2,000 लोगों की मौत

6.3 तीव्रता वाले भूकंप का केंद्र क्षेत्र के सबसे बड़े शहर हेरात से 40 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था

अफगानिस्तान में भूकंप से अब तक 2,000 लोगों की मौत
भूकंप के केंद्र के पास दर्जनों घर धराशायी हो गए

काबुल/दक्षिण भारत। पश्चिमी अफगानिस्तान में शनिवार को आए भूकंप से मृतकों की संख्या बढ़कर 2,000 तक पहुंच गई है। वहीं, 1,000 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबरें हैं। आपदा राहत अधिकारियों ने कहा कि लोगों ने मलबे में फंसे अपनों को निकालने के लिए रातभर खुदाई की।

संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने कहा कि 6.3 तीव्रता वाले भूकंप का केंद्र क्षेत्र के सबसे बड़े शहर हेरात से 40 किलोमीटर (25 मील) उत्तर-पश्चिम में था। इसके बाद 4.3 और 6.3 तीव्रता के बीच आठ झटके आए।

ग्रामीण हेरात प्रांत के जिंदा जान जिले के सरबोलैंड गांव में रात होते ही भूकंप के केंद्र के पास दर्जनों घर धराशायी हो गए। इसके बाद लोगों के समूह फावड़े लेकर खुदाई में जुट गए और मलबे में दबे पीड़ितों को निकालने की कोशिश करने लगे।

एक स्थानीय निवासी ने बताया कि भूकंप से बड़ा शोर हुआ और उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। पहले ही झटके में कई घर ढह गए।

हादसे में जान गंवाने वालों को दफनाया जा रहा है। जब सुबह करीब 11 बजे पहला झटका आया तो वे कामकाज में व्यस्त थे। 

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उनके घर में कुछ भी नहीं बचा है। सबकुछ मलबे में बदल गया। उन्होंने आसपास के लोगों के लगभग 30 शव देखे हैं।

About The Author: News Desk

News Desk Picture