Dakshin Bharat Rashtramat

पिछले 9 वर्षों में हमारी योजनाओं ने बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल करने का रास्ता तैयार किया: मोदी

'नए भारत के सपने बहुत ऊंचे हैं'

पिछले 9 वर्षों में हमारी योजनाओं ने बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल करने का रास्ता तैयार किया: मोदी
'अगले कुछ वर्षों में हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाले हैं'

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को विभिन्न सरकारी विभागों में 51,000 से अधिक नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से रोजगार मेले को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज के इस रोजगार मेले में जिन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिले हैं, उन सबको बहुत-बहुत बधाई। आप सबने कड़े परिश्रम से यह सफलता हासिल की है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस सफलता का आपके जीवन में बहुत बड़ा महत्त्व है। आज देशभर में गणेश उत्सव की धूम चल रही है। इस पावन काल में आप सबके नए जीवन का श्रीगणेश हो रहा है। आज हमारा देश ऐतिहासिक उपलब्धियों और फैसलों का साक्षी बन रहा है। कुछ दिन पहले ही नारी शक्ति वंदन अधिनियम के रूप में देश की आधी आबादी को बहुत बड़ी ताकत मिली है। तीस वर्षों से महिला आरक्षण का जो विषय लंबित था, वह अब रिकॉर्ड मतों के साथ दोनों सदनों से पास हुआ है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह निर्णय देश की नई संसद के पहले सत्र में हुआ है। एक तरह से नई संसद में देश के नए भविष्य की शुरुआत हुई है। आज के इस रोजगार मेले में भी हमारी बेटियों को बड़ी संख्या में नियुक्ति पत्र मिले हैं। आज भारत की बेटियां स्पेस से स्पोर्ट्स तक अनेक नए कीर्तिमान बना रही है। मुझे नारी शक्ति की इस सफलता पर बहुत गर्व होता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आप खुद देख रहे हैं कि नया भारत आज क्या कमाल कर रहा है। यह वो भारत है, जिसने कुछ दिन पहले चंद्रमा पर अपना तिरंगा लहराया है। इस नए भारत के सपने बहुत ऊंचे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनने का संकल्प लिया है। अगले कुछ वर्षों में हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाले हैं। पिछले नौ वर्षों में हमारी योजनाओं ने बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल करने का रास्ता तैयार किया है। हमारी नीतियां नए माइंडसेट, कंटेंट मॉनिटरिंग, मिशन मोड कार्यान्वयन और सामूहिक भागीदारी पर आधारित हैं। नौ वर्षों में सरकार ने मिशन मोड पर नीतियों को लागू किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों के बीच सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी आप सब नवनियुक्त सरकारी कर्मचारियों पर है। जब आप जैसे लाखों युवा सरकारी सेवाओं से जुड़ते हैं, तो नीतियों को लागू करने की स्पीड और स्केल भी बढ़ जाते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में मुश्किलों के बीच आज भारत की जीडीपी तेजी से बढ़ रही है। हमारे उत्पादन और निर्यात में बड़ी वृद्धि हुई है। आज देश अपने आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर जितना निवेश कर रहा है, वह पहले कभी नहीं किया गया।

About The Author: News Desk

News Desk Picture