Dakshin Bharat Rashtramat

दुनिया में भारत की हो रही जय-जयकार, 'घमंडिया' गठबंधन हमारी संस्कृति पर कर रहा आघात: नड्डा

जेपी नड्डा ने चित्रकूट से भाजपा की 'जन आशीर्वाद यात्रा' शुरू करते हुए कांग्रेस पर खूब शब्दबाण छोड़े

दुनिया में भारत की हो रही जय-जयकार, 'घमंडिया' गठबंधन हमारी संस्कृति पर कर रहा आघात: नड्डा
'क्या हम सनातन धर्म को समाप्त होने देंगे?'

चित्रकूट/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को मध्य प्रदेश के चित्रकूट से पार्टी की 'जन आशीर्वाद यात्रा' शुरू करते हुए कांग्रेस पर खूब शब्दबाण छोड़े। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुझे प्रभु श्रीराम की तपोभूमि पर आज इस 'जन आशीर्वाद यात्रा' के शुभारंभ के अवसर पर यहां आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। यह यात्रा भाजपा के पिछले कई वर्षों से चल रहे अथक प्रयास, तपस्या और समर्पण को जनता तक पहुंचाने का संकल्प है। 

नड्डा ने कहा कि आज मध्य प्रदेश 'प्रधानमंत्री आवास योजना' में नंबर एक पर है, जबकि कमलनाथ ने अपने शासन काल के दौरान आवास योजना को डीरेल करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। आवास योजना की लिस्ट को ​कमलनाथ ने दिल्ली पहुंचने ही नहीं दिया था। उसके बावजूद पिछले तीन वर्षों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने मेहनत कर आवास योजना में प्रदेश को नंबर एक पर पहुंचा दिया है।

नड्डा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के कारण 13.5 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकल कर मध्यम वर्ग में पहुंच गए हैं। यह भारत की बदलती तस्वीर है। आज हमारे लिए खुशी की बात है। चंद्रमा पर चंद्रयान-3 सफलतापूर्वक लैंड हो गया है और कल हमारा आदित्य एल1 सफलतापूर्वक लॉन्च हो गया है। अब वह सूर्य का अध्ययन कर जमीन पर हमें बताएगा। इसरो के वैज्ञानिकों को बहुत-बहुत बधाई।

नड्डा ने कहा कि आज जब दुनिया में भारत की जय-जयकार हो रही है, तो ऐसे समय में यह घमंडिया गठबंधन हमारे देश की संस्कृति पर, हमारे धर्म पर गहरा आघात कर रहा है। इंडिया गठबंधन का एक बड़ा घटक द्रमुक 'सनातन धर्म' को समाप्त करने का उद्घोष करता है। क्या ऐसे घमंडिया गठबंधन को रहने देने का अधिकार है? क्या हम सनातन धर्म को समाप्त होने देंगे?

About The Author: News Desk

News Desk Picture