Dakshin Bharat Rashtramat

इंडिया गठबंधन पर शाह का आरोप: तुष्टीकरण, वोट बैंक की राजनीति के लिए सनातन धर्म का अपमान किया

केंद्रीय गृह ने डूंगरपुर से भाजपा की 'परिवर्तन यात्रा' का आग़ाज़ किया

इंडिया गठबंधन पर शाह का आरोप: तुष्टीकरण, वोट बैंक की राजनीति के लिए सनातन धर्म का अपमान किया
शाह ने कहा: अशोक गहलोत न तो हिंसा रोक सकते हैं और न ही दंगे रोक सकते हैं

डूंगरपुर/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के डूंगरपुर से भाजपा की 'परिवर्तन यात्रा' का आग़ाज़ करते हुए कांग्रेस पर खूब निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज बेणेश्वर धाम की इस पावन धरा पर भाजपा की 'परिवर्तन संकल्प यात्रा' की शुरुआत होने जा रही है। डूंगरपुर की धरती हमेशा वीरों की धरती रही है। यहीं राजस्थान और गुजरात के आदिवासी भाइयों ने महाराणा प्रताप के साथ रहकर वर्षों तक युद्ध करके मुगलों की सेना के दांत खट्टे किए थे। 

शाह ने कहा कि भाजपा की 'परिवर्तन यात्रा' 19 दिन में 2,500 किमी घूमेगी और 52 विधानसभाओं से संपर्क करेगी। 156 जगह छोटी सभाएं, 52 जगह पर सभाएं और 56 जगह पर बड़ी सभाएं कर पूरे राजस्थान में परिवर्तन का संकल्प लेगी।

शाह ने कहा कि 10 साल की यूपीए सरकार के दौरान राजस्थान को 1 लाख 60 हजार करोड़ रुपए दिए गए, जबकि नरेंद्र मोदी सरकार ने महज नौ वर्षों में 8 लाख 71 हजार करोड़ रुपए राजस्थान को दिए।

शाह ने कहा कि 10 साल तक केंद्र में यूपीए सरकार थी। उसने राजस्थान की जनता को क्या दिया? जरा इसका हिसाब दीजिए, भोले बनकर इधर-उधर की बात मत कीजिए।

गहलोतजी, आप में हिम्मत है तो सार्वजनिक प्रेस वार्ता करके राजस्थान की जनता को बताइए कि आपने पांच साल के अंदर घपले, घोटाले, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण के अलावा और क्या काम किया है?

शाह ने कहा कि यूपीए पर 12 लाख करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप है। साथ ही मन में अहंकार है, घमंड है कि देश में राज सिर्फ गांधी परिवार कर सकता है। ... और मोदी तो गरीब मां और चाय बेचने वाले का गरीब बेटा है। ये लोग सहन नहीं कर पा रहे हैं।

शाह ने कहा कि दो दिन से आप (इंडिया गठबंधन) इस देश की संस्कृति और सनातन धर्म का अपमान कर रहे हैं। इंडिया गठबंधन के दो प्रमुख दल कांग्रेस और द्रमुक (एक वित्त मंत्री का बेटा और एक मुख्यमंत्री का बेटा) कह रहे हैं कि सनातन धर्म को समाप्त कर देना चाहिए। तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति करने के लिए इन लोगों ने 'सनातन धर्म' का अपमान किया है। राहुल बाबा ने कहा कि जो हिंदू संगठन है, वह लश्कर-ए-तैयबा से भी अधिक खतरनाक है। राहुल बाबा, आप हिंदू संगठन की तुलना लश्कर-ए-तैयबा से कर रहे हैं, तो वहीं आपके गृहमंत्री कहते थे कि हिंदू टेरर चल रहा है। यह इंडिया गठबंधन वोट बैंक और तुष्टीकरण की राजनीति करने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।

शाह ने कहा कि अशोक गहलोत की सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी सरकार है, महिला सुरक्षा में विफल सरकार है। महिलाओं के साथ बदसलूकी के हर रोज करीब 19 मामले आ रहे हैं। अशोक गहलोत न तो हिंसा रोक सकते हैं और न ही दंगे रोक सकते हैं।

About The Author: News Desk

News Desk Picture