Dakshin Bharat Rashtramat

चंद्रयान-3: सॉफ्ट लैंडिंग के लिए देशभर में हो रहीं प्रार्थनाएं

इसरो ने की पूरी तैयारी

चंद्रयान-3: सॉफ्ट लैंडिंग के लिए देशभर में हो रहीं प्रार्थनाएं
विहिप ने संत नगर बुराड़ी में एक ‘यज्ञ’ का आयोजन किया

नई दिल्ली/भाषा। चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल के चंद्रमा पर सफलतापूर्वक ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने को लेकर दिल्ली के कई हिस्सों में मंदिरों, मस्जिदों और गुरुद्वारों में बुधवार को विशेष प्रार्थनाएं की गईं।

केंद्रीय आवास एवं शहरी मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अभियान की सफलता के लिए बंगला साहिब गुरुद्वारे में अन्य लोगों के साथ विशेष ‘अरदास’ की।

इस बीच, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने भारत की महत्वाकांक्षी परियोजना की सफलता के लिए प्रार्थना करते हुए संत नगर बुराड़ी में एक ‘यज्ञ’ का आयोजन किया।

आर्य समाज मंदिर के वैदिक आचार्य विमलेश बंसल ने कहा, ‘हमें अटूट विश्वास है कि शुद्ध मन और वेदों के विशेष मंत्रों के साथ की गई हमारी सामूहिक प्रार्थना भगवान निश्चित रूप से सुनेंगे।’

मंडोली में अल जमीयतुल इस्लामिया इस्लाहुल बनत मदरसा की लगभग 150 छात्राएं भी चंद्रयान लैंडर की निर्धारित लैंडिंग से कुछ घंटे पहले आयोजित एक विशेष प्रार्थना का हिस्सा बनीं।

दिल्ली सरकार के स्कूली बच्चे भी विशेष पोस्टर बनाकर चंद्रयान लैंडर की सफल लैंडिंग के लिए प्रार्थना करने में देश के साथ शामिल हुए।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर स्कूली बच्चों की तस्वीरें साझा कीं।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘चंद्रयान-3 की लैंडिंग का इंतजार कर रहे दिल्ली सरकार के स्कूली बच्चों की सच्ची दिलचस्पी और उत्साह देखकर खुशी हुई। इनकी हार्दिक शुभकामनाएं शाम के उत्साह को और बढ़ा देती हैं। हमारे वैज्ञानिक हमें बेहद गौरवान्वित कर रहे हैं।’

इसरो के महत्वाकांक्षी तीसरे चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ का लैंडर मॉड्यूल (एलएम) आज शाम चंद्रमा की सतह पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है।

About The Author: News Desk

News Desk Picture