Dakshin Bharat Rashtramat

जनधन खातों की संख्या 50 करोड़ के पार पहुंची, मोदी ने की तारीफ

इनमें से आधे से ज्यादा खाते हमारी नारी शक्ति के हैं

जनधन खातों की संख्या 50 करोड़ के पार पहुंची, मोदी ने की तारीफ
नमें से लगभग 67 फीसदी खाते ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में खोले गए हैं

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनधन खातों को लेकर महत्त्वपूर्ण उपलब्धि पर खुशी जाहिर की है। बता दें कि जनधन खातों की संख्या 50 करोड़ के पार हो गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि इनमें से आधे से ज्यादा खाते हमारी नारी शक्ति के हैं।

पीआईबी इंडिया के एक ट्वीट के जवाब में प्रधानमंत्री ने कहा:

'यह एक महत्त्वपूर्ण मुकाम है।

यह देखकर ख़ुशी होती है कि इनमें से आधे से ज्यादा खाते हमारी नारी शक्ति के हैं। 67 प्रतिशत खाते ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में खोले जाने के साथ, हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि वित्तीय समावेशन का लाभ हमारे देश के हर कोने तक पहुंचे।'

केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा था कि देश में जनधन खातों की कुल संख्या 50 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है, जिनमें से 56 फीसदी खाते महिलाओं के हैं।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इनमें से लगभग 67 फीसदी खाते ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में खोले गए हैं।

वित्त मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, जनधन खातों में कुल जमा राशि 2.03 लाख करोड़ रुपए से अधिक है, जबकि इन खातों के साथ लगभग 34 करोड़ रुपे कार्ड मुफ्त जारी किए गए हैं।

मोदी सरकार ने वर्ष 2014 में जनधन बैंक खाते खोलने के लिए बड़े पैमाने पर राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया था। इसका उद्देश्य प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) सहित कई वित्तीय सेवाओं को  सुलभ बनाना था।

About The Author: News Desk

News Desk Picture