Dakshin Bharat Rashtramat

कर्नाटक: खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार

पीड़िता, जो इंजीनियरिंग की छात्रा है, ने 8 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

कर्नाटक: खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार
वह उसे यहां के निकट एक लॉज में भी ले गया, जहां यौन उत्पीड़न किया

मंगलूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक के रायचूर के एक व्यक्ति को 19 वर्षीया महिला के साथ कई बार दुष्कर्म करने और उसकी अंतरंग तस्वीरें ऑनलाइन लीक करने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी है। 

अधिकारियों ने बताया कि यहां महिला पुलिस थाने ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर अपराध करने के आरोप में 22 वर्षीय व्यक्ति को गुरुवार को गिरफ्तार किया।

पीड़िता, जो इंजीनियरिंग की छात्रा है, ने 8 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने कहा कि उसकी जान-पहचान इंस्टाग्राम के जरिए उस शख्स से हुई, जिसने खुद को पुलिस इंस्पेक्टर बताया था।

उसने उससे परिवार के सदस्यों के लिए नौकरी दिलाने का वादा किया और व्यक्तिगत पहचान संबंधी दस्तावेज ले लिए।

वह उसे मई में एक स्थानीय मंदिर और यहां के लोकप्रिय तन्निर्भवी समुद्र तट पर ले गया। वहां उसके साथ कुछ अंतरंग तस्वीरें लीं। बाद में, उसने तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी दी और उसे अपने साथ बेंगलूरु के एक लॉज में जाने के लिए मजबूर किया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।

वह उसे यहां के निकट एक लॉज में भी ले गया, जहां महिला का यौन उत्पीड़न किया। उसने शिकायत में कहा कि बाद में उसने उसकी अंतरंग तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी दी और तस्वीरें हटाने के लिए 1.5 लाख रुपए की मांग की।

पुलिस ने कहा कि यमानूर एक स्ट्रीट थिएटर कलाकार है और उसने महिला को धोखा देने के लिए अपनी पुलिस वेशभूषा का इस्तेमाल किया। उस पर यौन उत्पीड़न और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 (ए) सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।

आरोपी को गुरुवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

About The Author: News Desk

News Desk Picture