Dakshin Bharat Rashtramat

राहुल को आपराधिक मानहानि मामले में राहत मिलने के बाद क्या बोले खरगे?

उन्होंने कहा, ‘लोकतंत्र के मंदिर में फिर गूंजेगी आम जन की बुलंद आवाज़'

राहुल को आपराधिक मानहानि मामले में राहत मिलने के बाद क्या बोले खरगे?
'संसद और सड़क तक जारी रहेगा जनता के सवालों पर संग्राम'

नई दिल्ली/भाषा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘मोदी उपनाम’ वाली टिप्पणी से संबंधित आपराधिक मानहानि के मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को राहत दिए जाने को संविधान, लोकतंत्र और भारत की जनता की जीत करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी की साजिश बेनकाब हो गई है।

उच्चतम न्यायालय ने ‘मोदी उपनाम’ को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी के संबंध में साल 2019 में दर्ज आपराधिक मानहानि मामले में राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर रोक लगाते हुए शुक्रवार को उनकी लोकसभा की सदस्यता बहाल करने का रास्ता साफ कर दिया।

खरगे ने ट्वीट किया, ‘सत्यमेव जयते! उच्चतम न्यायालय के फैसले का तहे दिल से स्वागत! संविधान, लोकतंत्र और भारत की जनता की जीत हुई। वायनाड के नागरिकों की जीत हुई। राहुल गांधी के ख़िलाफ़ भाजपा की साज़िश बेनकाब हुई।’

उन्होंने कहा, ‘लोकतंत्र के मंदिर में फिर गूंजेगी आम जन की बुलंद आवाज़। सत्य और साहस के प्रतीक बन गए हैं राहुल गांधी। मोदी सरकार और भाजपा के लोग वही काम करें, जिसका उनको जनादेश मिला है। अपने वादों को निभाने में वो एक दशक से विफल रहे हैं। संसद और सड़क तक जारी रहेगा जनता के सवालों पर संग्राम।’

About The Author: News Desk

News Desk Picture