Dakshin Bharat Rashtramat

पुतिन की बढ़ीं मुश्किलें! निजी सेना के प्रमुख ने रूस के अहम शहर पहुंचने का दावा किया

प्रीगोझिन ने एक वीडियो पोस्ट किया

पुतिन की बढ़ीं मुश्किलें! निजी सेना के प्रमुख ने रूस के अहम शहर पहुंचने का दावा किया
प्रीगोझिन ने दावा किया कि उनके बलों ने शहर में स्थित सैन्य प्रतिष्ठानों को अपने कब्जे में ले लिया है

कीव/एपी। रूस के रक्षा मंत्री को पद से हटाने के मकसद से सशस्त्र विद्रोह का आह्वान करने वाले निजी सेना ‘वैग्नर’ के प्रमुख येवेनी प्रीगोझिन ने शनिवार सुबह दावा किया कि वे और उनके लड़ाके यूक्रेन की सीमा पार कर रूस के एक अहम शहर पहुंच गए हैं।

प्रीगोझिन ने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह रोस्तोव-ओन-डॉन में स्थित रूसी सैन्य मुख्यालय में खड़े नजर आ रहे हैं। यह मुख्यालय यूक्रेन में युद्ध पर नजर रखता है।

प्रीगोझिन ने दावा किया कि उनके बलों ने शहर में स्थित सैन्य प्रतिष्ठानों को अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें एक हवाई पट्टी भी शामिल है। सोशल मीडिया पर जारी एक अन्य वीडियो में दिख रहा है कि सड़कों पर सैन्य वाहन और टैंकर मौजूद हैं।

प्रीगोझिन के कदम पर प्रतिक्रिया देते हुए रूस की सुरक्षा सेवाओं ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। इसके मद्देनजर राजधानी मॉस्को और रोस्तोव-ऑन-डॉन में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि ‘वैग्नर’ प्रमुख रूसी शहर में कैसे घुसे या उनके साथ कितने लड़ाके हैं।

प्रीगोझिन के बगावत का ऐलान करने की वजह से यूक्रेन में रूस का अभियान प्रभावित हो सकता है। ‘वैग्नर’ बलों ने यूक्रेन युद्ध में अहम भूमिका निभाई है और बखमूत शहर पर कब्जा करने में कामयाबी हासिल की, जहां लंबी और भीषण लड़ाई चली।

प्रीगोझिन ने रूस के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की आलोचना भी की है और उन पर अक्षम होने और ‘वैग्नर’ बलों को हथियार व गोला-बारूद की आपूर्ति नहीं करने का आरोप लगाया है।

About The Author: News Desk

News Desk Picture