Dakshin Bharat Rashtramat

कांग्रेस का बस चले तो मंदिरों में पूजा-पाठ भी बंद करवा देगी: जी किशन रेड्डी

केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कांग्रेस पर हमला बोला

कांग्रेस का बस चले तो मंदिरों में पूजा-पाठ भी बंद करवा देगी: जी किशन रेड्डी
कहा- कर्नाटक के कांग्रेस नेता खुद ही 'तीन तिगाड़ा, काम बिगाड़ा' कर रहे हैं!

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। केंद्रीय संस्कृति, पर्यटन और उत्तर पूर्वी क्षेत्र के विकास मंत्री जी किशन रेड्डी ने गुरुवार को कांग्रेस पर खूब शब्द-प्रहार किए। उन्होंने 'दक्षिण भारत राष्ट्रमत' से बातचीत करते हुए कर्नाटक विधानसभा चुनावों के सन्दर्भ में विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार पेश किए।

रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस कहती है कि वह सत्ता में आई तो बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाएगी। इनका बस चले तो ये आने वाले समय में 'जय श्री राम' कहने पर भी प्रतिबंध लगा देंगे। ये 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' पर प्रतिबंध लगा देंगे। अगर इनका बस चले तो ये मंदिरों में पूजा-पाठ भी बंद करवा देंगे। कर्नाटक की जनता को तुष्टीकरण करने वाली ऐसी कांग्रेस को नकारने की जरूरत है

रेड्डी ने कहा कि मुस्लिम आरक्षण असंवैधानिक है। देश में धर्म के नाम पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता है। ऐसा उच्चतम न्यायालय एक बार और तेलंगाना उच्च न्यायालय तीन बार कह चुका है। इस तरह का आरक्षण देश की एकता और अखंडता के लिए ठीक नहीं है, लेकिन कांग्रेस को इसकी कोई परवाह नहीं है। वह वोट बैंक के नाम पर लोगों को तोड़ना चाहती है। जबकि भाजपा लोगों को जोड़ना चाहती है।

रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस के पास न नेता है और न नीति है। यह नेता विहीन पार्टी है। देश में ऐसी और कोई पार्टी नहीं है, जिसके पास नेता न हो, केवल कांग्रेस है, क्योंकि उसके 'राजकुमार' खुद पद छोड़कर चले गए थे और बोले कि मैं अध्यक्ष नहीं रहूंगा। जो नेता पार्टी नहीं चला सकता, वह देश क्या चलाएगा?

रेड्डी ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस के तीन चेहरे हैं। तीनों अपने-अपने तरीके से कांग्रेस की गाड़ी को हांकना चाहते हैं। कोई इधर खींचता है, कोई उधर। ऐसी पार्टी कर्नाटक को क्या विकास दे पाएगी? ये तो खुद ही तीन तिगाड़ा, काम बिगाड़ा कर रहे हैं।

रेड्डी ने कहा कि हम साल 2024 में केंद्र में फिर सरकार बनाएंगे। डबल इंजन की सरकार से कर्नाटक को बहुत फायदा होगा। यहां तेज गति से विकास होगा। आज दक्षिण में दो जगह भाजपा की सरकारें हैं। हम जल्द ही तेलंगाना में भी सरकार बनाने वाले हैं।

रेड्डी ने कहा कि इस चुनाव में भाजपा को जिताकर मोदीजी के हाथ मजबूत करने हैं। यह देश और कर्नाटक के विकास के लिए बहुत जरूरी है। 

रेड्डी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी धर्म के आधार पर आरक्षण का विरोध करती है। यह सबका साथ, सबका विकास में विश्वास करती है। आज हमारी सरकार की योजनाओं का लाभ सभी समुदायों को मिल रहा है। मुस्लिम समुदाय को भी मोदी सरकार की योजनाओं का भरपूर लाभ मिला है। जो मुसलमान आर्थिक रूप से पिछड़े हैं, उन्हें उज्ज्वला योजना, डीबीटी समेत सभी योजनाओं का लाभ मिला है। 

रेड्डी ने कहा कि कर्नाटक में बड़े सिंचाई प्रोजेक्ट शुरू किए जा रहे हैं। इससे गांवों, किसानों, सबको लाभ मिलेगा। नदियों के जोड़े जाने से कर्नाटक के सूखा ग्रस्त इलाकों को भी मदद मिलेगी।

रेड्डी ने कहा कि कोरोना के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था की चुनौतीपूर्ण स्थिति है, लेकिन भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूती से आगे बढ़ती जा रही है। देश में महंगाई काबू में है। केंद्र सरकार लाखों लोगों को नौकरियां दे रही है। दुनियाभर में लोग भारत को आशा भरी दृष्टि से देख रहे हैं।

About The Author: News Desk

News Desk Picture