Dakshin Bharat Rashtramat

मिजोरम में घुसपैठ रोकने के लिए असम रायफल्स भारत-म्यांमार सीमा पर सुरक्षा बढ़ाएगा

अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए भारत-म्यांमार सीमा पर अधिकतर क्रॉसिंग बंद कर दी जाएंगी

मिजोरम में घुसपैठ रोकने के लिए असम रायफल्स भारत-म्यांमार सीमा पर सुरक्षा बढ़ाएगा
अवैध घुसपैठ मिजोरम में कानून और व्यवस्था की स्थिति को बाधित कर रही है

आइजोल/भाषा। असम रायफल्स, मिजोरम में भारत और म्यांमार सीमा के 510 किलोमीटर लंबे हिस्से पर चौकसी बढ़ाएगा, ताकि पड़ोसी देश से अवैध प्रवासियों को देश में घुसने से रोका जा सके। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

असम रायफल्स ने म्यांमार में सैन्य तख्तापलट के बाद वहां के लोगों द्वारा मिजोरम में शरण लेने के बाद 'हत्या के मामलों सहित अपराध की घटनाओं की बढ़ती संख्या' पर भी चिंता व्यक्त की।

असम रायफल्स के एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा, हम अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए भारत-म्यांमार सीमा पर अधिकतर क्रॉसिंग बंद कर देंगे। अवैध घुसपैठ मिजोरम में कानून और व्यवस्था की स्थिति को बाधित कर रही है।

उन्होंने कहा कि बांग्लादेश और म्यांमार, दोनों देशों के कई शरणार्थियों या अवैध प्रवासियों ने नकली भारतीय पहचान पत्र हासिल किए हैं।

मिजोरम, बांग्लादेश के साथ 318 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करता है।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय अर्धसैनिक बल असम रायफल्स, गृह मंत्रालय और राज्य सरकार के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने के बाद चरणबद्ध तरीके से अपने बटालियन मुख्यालय को आइजोल से जोखावासंग में स्थानांतरित कर देगा।

जोखवासांग, राज्य की राजधानी से 15 किमी दूर है।

उन्होंने कहा कि अब तक, स्थानांतरण के लिए कोई समय सीमा तय नहीं की गई है और समझौता ज्ञापन तैयार किया जा रहा है।

About The Author: News Desk

News Desk Picture