Dakshin Bharat Rashtramat

कर्नाटक के तेज विकास के लिए भाजपा की पूर्ण बहुमत की स्थिर सरकार बहुत जरूरीः मोदी

प्रधानमंत्री ने कर्नाटक के दावणगेरे में जनसभा को संबोधित किया

कर्नाटक के तेज विकास के लिए भाजपा की पूर्ण बहुमत की स्थिर सरकार बहुत जरूरीः मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के घर में भाजपा का विजय डंका बज गया

दावणगेरे/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कर्नाटक के दावणगेरे में विजया संकल्प यात्रा महा संगमा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज सुखद संयोग है, विजय संकल्प रैली हो रही है और उसी समय कलबुर्गी, जो कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कर्मभूमि है, वहां महापौर और उप महापौर का चुनाव था और भाजपा के उम्मीदवार जीत गए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के घर में भाजपा का विजय डंका बज गया। यह एक प्रकार से विजय संकल्प रैली का शुभ संकेत है कि विजय यात्रा आरंभ हो चुकी है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि कल मैंने सोशल मीडिया पर कर्नाटक का एक वीडियो देखा। एक पार्टी के बड़े नेता, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री, अपनी ही पार्टी के एक कार्यकर्ता को सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मारने का आनंद ले रहे थे। जो अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं कर सकते, वे जनता जनार्दन का सम्मान क्या करेंगे? कर्नाटक भाजपा का हर कार्यकर्ता मेरा मजबूत साथी है। यहां का हर कार्यकर्ता मेरा परम् मित्र है, मेरा सहोदर है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्नाटक ने अवसरवादी और स्वार्थी गठबंधन की सरकारों का लंबा दौर देखा है। ऐसी सरकारों से कर्नाटक को हमेशा नुकसान हुआ है, इसलिए कर्नाटक के तेज विकास के लिए भाजपा की पूर्ण बहुमत की स्थिर सरकार बहुत जरूरी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा कर्नाटक को विकसित भारत का ड्राइविंग फोर्स बनाना चाहती है। जबकि कांग्रेस कर्नाटक को नेताओं की तिजोरियां भरने वाले एटीएम के रूप में देखती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सपना देख रही है... कांग्रेस वाले कहते हैं ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’, लेकिन कांग्रेस के लोगों को यह पता नहीं कि कर्नाटक के लोगों ने संकल्प ले लिया है कि ‘मोदी तेरा कमल खिलेगा।’ देश की जनता का ... कर्नाटक की जनता का कमल खिलने में ही विश्वास है। 

आज दुनिया में हिंदुस्तान का डंका बज रहा है। यह मोदी के कारण नहीं, बल्कि आपके वोट के कारण बज रहा है। यह आपके वोट की ताकत है। इसी तरह वोट से कर्नाटक का डंका बजाना है।

About The Author: News Desk

News Desk Picture