पाकिस्तान ने विकिपीडिया पर प्रतिबंध लगाया

एक प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की

विकिपीडिया एक मुफ़्त, क्राउडसोर्स्ड, संपादन योग्य ऑनलाइन विश्वकोश है

इस्लामाबाद/दक्षिण भारत। पाकिस्तान टेलीकम्युनिकेशन अथॉरिटी (पीटीए) ने दी गई 48 घंटे की समय सीमा के भीतर 'अपवित्र सामग्री' को ब्लॉक नहीं करने पर इस पड़ोसी देश में लोकप्रिय ऑनलाइन एनसाइक्लोपीडिया विकिपीडिया पर प्रतिबंध लगा दिया है। एक प्रवक्ता ने शनिवार को इसकी पुष्टि की।

विकिपीडिया एक मुफ़्त, क्राउडसोर्स्ड, संपादन योग्य ऑनलाइन विश्वकोश है, जिसका उपयोग दुनियाभर में लाखों लोग बुनियादी जानकारी के लिए करते हैं।

पीटीए ने बुधवार को वेबसाइट से विवादास्पद सामग्री को हटाने के निर्देशों का पालन नहीं करने के लिए पाक में विकिपीडिया सेवाओं पर सख्ती दिखानी शुरू कर दी थी।

नियामक ने कहा कि वेबसाइट ने न तो उसके अनुरोधों का जवाब दिया और न ही विवादित सामग्री को हटाया।

पीटीए के प्रवक्ता मलहट ओबैद ने कहा कि प्रतिबंध मुख्य रूप से आदेशों का पालन न करने के लिए लगाया गया है।

प्रवक्ता ने कहा कि विकिपीडिया द्वारा विनियामक प्राधिकरण द्वारा पहचानी गई सामग्री को हटाने के बाद निर्णय की समीक्षा की जा सकती है। वेबसाइट तक पहुंचने का प्रयास करने पर उपयोगकर्ताओं को 'इस साइट पर पहुंचा नहीं जा सकता' दिखाई दिया।

इससे पहले, विकिमीडिया फ़ाउंडेशन, जो कि विकिपीडिया को चलाता है, ने कहा कि वह 'विकिपीडिया पर कौनसी सामग्री शामिल है या उस सामग्री को कैसे बनाए रखा जाता है, इस बारे में निर्णय नहीं करता है।'

उसने कहा कि हम मानते हैं कि ज्ञान तक पहुंच मानव अधिकार है। पाकिस्तान में विकिपीडिया को ब्लॉक करना दुनिया के पांचवें सबसे अधिक आबादी वाले देश को सबसे बड़े मुफ्त ज्ञान भंडार तक पहुंच से वंचित करता है। यदि यह जारी रहता है, तो पाकिस्तान के इतिहास और संस्कृति तक सभी की पहुंच से भी वंचित कर देगा। 

About The Author: News Desk