Dakshin Bharat Rashtramat

महानतम फुटबॉलरों में शुमार पेले का 82 साल की उम्र में निधन

उनके एजेंट जोए फ्रैगा ने उनके निधन की पुष्टि की है

फोटो: पेले के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से

साओ पाउलो/एपी। ब्राजील के महान फुटबॉलर और रिकॉर्ड तीन विश्वकप जीताने वाले पेले का निधन हो गया। वे 82 वर्ष के थे। सदी के सबसे बड़े फुटबॉलरों में शुमार पेले का 2021 से मलाशय के कैंसर का इलाज चल रहा था। वे कई बीमारियों के कारण पिछले महीने से अस्पताल में भर्ती थे।

उनके एजेंट जोए फ्रैगा ने उनके निधन की पुष्टि की है। फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में शुमार पेले ने करीब दो दशक तक अपने प्रशंसकों का खेल के जरिए मनोरंजन किया।

वे ब्राजील को फुटबॉल के शिखर तक लेकर गए और साओ पाउलो की सड़कों से शुरू किए अपने सफर में इस खेल के ग्लोबल एम्बेसडेर भी बने।

पेले के रहते हुए ब्राजील ने 1958, 1962 और 1970 में विश्वकप जीता था। उन्होंने ब्राजील की तरफ से 77 गोल किए। उनके इस राष्ट्रीय रिकॉर्ड की हाल में विश्वकप के दौरान नेमार ने बराबरी की थी।

पेले की रोसमेरी डोस रिस चोल्बी और असिरिया सेक्सास लेमोस से शादियों से पांच बच्चे और बिना शादी के दो बेटियां हैं। बाद में उन्होंने कारोबारी मार्शिया सिबेले ओकी से शादी कर ली थी।

खूबसूरत खेल के महानायक 

उनका हुनर फुटबॉल की किवदंतियों का हिस्सा है और उनके पैरों का जादू जब चलता था तो दुनिया मानो थम जाती थी। कई पीढ़ियों पर अमिट छाप छोड़ने वाले खिलाड़ी बिरले ही होते हैं और फुटबॉल के जादूगर पेले के निधन के साथ मानों एक युग का अंत हो गया।

पेले पहले सांतोस क्लब के लिए और फिर ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के लिए अपने खेल से विश्व फुटबॉल पर अपनी अमिट छाप छोड़ गए। उनकी कलात्मकता, हुनर और पैरों की जादूगरी के विरोधी भी मुरीद थे । उनके खेल में ब्राजील की सांबा शैली झलकती थी।

ब्राजील की पीली 10 नंबर की जर्सी में पेले की छवि फुटबॉल के चाहने वालों की यादों में हमेशा चस्पा रहेगी।

About The Author: News Desk