Dakshin Bharat Rashtramat

2 साल के बच्चे को दरियाई घोड़े ने निगलकर वापस उगला

भूखे दरियाई घोड़े ने उस पर हमला बोला और विशाल जबड़ों से निगलना शुरू कर दिया

2 साल के बच्चे को दरियाई घोड़े ने निगलकर वापस उगला
पुलिस ने झीलों और वन्यजीव केंद्रों के आसपास रहने वाले लोगों को चेतावनी दी है कि वे सावधानी बरतें

कंपाला/दक्षिण भारत। युगांडा में एक आश्चर्यजनक घटना में दो साल के बच्चे की जान बच गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, एक दरियाई घोड़े ने इस बच्चे को निगल लिया था। वहां मौजूद शख्स ने उस जानवर की ओर पत्थर फेंके। इसके बाद दरियाई घोड़े ने बच्चे को वापस उगल दिया।

बताया गया कि यह बच्चा 4 दिसंबर को कटवे कबाटोरो शहर में एक झील के किनारे स्थित अपने घर के पास खेल रहा था। अचानक एक भूखे दरियाई घोड़े ने उस पर हमला बोला और विशाल जबड़ों से निगलना शुरू कर दिया। 

इससे पहले कि जानवर उस बच्चे को पूरी तरह से निगल जाता, वहां नजदीक खड़े क्रिसपास बैगोन्ज़ा नामक शख्स ने उस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इससे घबराए जानवर ने बच्चे को उगल दिया।

बच्चे का नाम इगा पॉल बताया गया है। जानवर ने उसे सिर से पकड़ लिया और शरीर का आधा हिस्सा निगल गया था। इससे बच्चे के हाथ में चोटें आई हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सेहत में सुधार के बाद छुट्टी मिल गई है। इगा पॉल स्वस्थ होने के बाद घर लौट आया है।

पुलिस ने झीलों और वन्यजीव केंद्रों के आसपास रहने वाले लोगों को चेतावनी दी है कि वे सावधानी बरतें।

About The Author: News Desk

News Desk Picture