Dakshin Bharat Rashtramat

राजस्थान से भी छोटा क्रोएशिया कर चुका ये बड़े कारनामे, इसलिए है दिग्गजों पर भारी

राजस्थान से भी छोटा क्रोएशिया कर चुका ये बड़े कारनामे, इसलिए है दिग्गजों पर भारी

Interesting Facts Croatia

मास्को। फीफा विश्वकप के फाइनल में फ्रांस ने जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। क्रोएशिया की टीम ने भी अपने प्रदर्शन में कोई कसर नहीं छोड़ी और मैच के आखिर तक उसके खिलाड़ी बाजी पलटने के लिए संघर्ष करते दिखे। सोशल मीडिया और गूगल ट्रेंड्स में फ्रांस के साथ क्रोएशिया का नाम भी चर्चा में है। हमारे देश में काफी लोग ऐसे हैं जिन्होंने क्रोएशिया का नाम ज्यादा नहीं सुना होगा।

यहां पढ़िए: फ्रांस दूसरी बार बना चैंपियन, क्रोएशिया ने जीता दिल

विश्व मीडिया में क्रोएशिया का नाम बहुत कम आता है, लेकिन इसके पास ऐसा बहुत कुछ है जो दूसरों के पास नहीं। इस देश की कुछ खूबियां इसे दुनिया का निराला देश बनाती हैं। अगर आप नक्शे में इसे पहली बार ढूंढ़ रहे हैं तो थोड़ी मशक्कत तो करनी होगी।

1. अगर क्षेत्रफल की बात करें तो क्रोएशिया भारत से बहुत छोटा है और जनसंख्या में तो और भी छोटा। इसका क्षेत्रफल 56,594 वर्ग किमी है यानी अपने राजस्थान से भी बहुत छोटा। यह मध्य और दक्षिण-पूर्व यूरोप के बीच में बसा है। आमतौर पर क्रोएशिया एक शांत देश है। शायद ही कभी किसी ने यहां से आतंकवाद की कोई खबर अखबारों में पढ़ी हो।

2. यहां 91 प्रतिशत से ज्यादा लोग ईसाई हैं। 4.57 प्रतिशत लोग किसी धर्म को नहीं मानते। 1.47 प्रतिशत मुसलमान हैं। क्रोएशिया को आकर्षक बनाती है यहां की कुदरती खूबसूरती। हरेभरे जंगल, साफ समुद्र तट और बेहतरीन मेहमानवाजी ने इसे पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना दिया। हर साल काफी तादाद में यहां पर्यटक आते हैं। इसकी जीडीपी में करीब 20 प्रतिशत योगदान पर्यटन का है।

3. क्रोएशिया के कुछ नियम बहुत सख्त हैं। अगर यहां किसी ने धूम्रपान किया तो उसकी खैर नहीं, क्योंकि ऐसे व्यक्ति से भारी जुर्माना वसूला जाता है। यहां धूम्रपान पर पाबंदी है। जिस तरह नॉर्वे में टैक्स की दरें बहुत ऊंची हैं, उसी प्रकार क्रोएशिया भी अपने नागरिकों से काफी टैक्स वसूल करता है। यहां की मुद्रा कूना है।

4. पर कैपिटा इनकम में क्रोएशिया का प्रदर्शन हमसे बहुत अच्छा है। वहां की पर कैपिटा इनकम 22,400 डॉलर है, जो हमारी (6,700 डॉलर) से ज्यादा है। इसके अलावा भी क्रोएशिया की कई बातें आपको हैरान कर देंगी। जैसे, ऐतिहासिक ​तथ्यों के आधार पर यह दावा किया जाता है कि नेकटाई का आविष्कार यहीं किया गया। यह क्षेत्रफल की दृष्टि से दुनिया का 127वां देश है।

5. क्रोएशिया के एक शहर का नाम ‘हम’ है। जितना छोटा नाम है, यह आकार में भी उतना ही छोटा है, पर है बहुत खूबसूरत। महान वैज्ञानिक निकोला टेस्ला का जन्म भी क्रोएशिया में ही हुआ था। इस देश के पास आदिमानवों की सभ्यता से जुड़ा विशाल संग्रह है। ऐसी अनेक बातें क्रोएशिया को समृद्ध बनाती हैं। इसलिए किसी देश के छोटे आकार पर न जाएं, क्योंकि कई बार यही बड़े-बड़े कारनामे कर जाते हैं।

ये भी पढ़िए:
– क्या मोदी को रोकने के लिए राजस्थान में बसपा से गठबंधन करेगी कांग्रेस
– पढ़िए उस शहर की कहानी जो राम को मानता है राजा, पुलिस देती है रोज सलामी
– सोना-चांदी नहीं, यहां चोरी हो गए 15 बकरे, होंडा सिटी से आए थे चोर

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture