Dakshin Bharat Rashtramat

एशियन गेम्स से एक और अच्छी खबर, पुरुषों की 800 मी. दौड़ में भारत ने जीता सोना-चांदी

एशियन गेम्स से एक और अच्छी खबर, पुरुषों की 800 मी. दौड़ में भारत ने जीता सोना-चांदी

jinson and manjeet singh

जकार्ता। एशियन गेम्स से एक और अच्छी खबर आई है। मंगलवार को 10वें दिन भारत के धावक मनजीत सिंह ने पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में सेना जीता है। महज 28 साल के मनजीत ने 1 मिनट 46.15 सेकंड में यह लक्ष्य पूरा किया। वे दौड़ में अव्वल आए और देश को गोल्ड मेडल दिलाया। उनके अलावा भारत के जॉनसन ने 1 मिनट 46.35 सेकंड में दौड़ पूरी कर दूसरा स्थान हासिल किया। उन्हें सिल्वर मेडल मिला है।

अगर कुल पदकों की बात करें तो ये पंक्तियां लिखे जाने तक 18वें एशियाई खेलों में भारत के खाते में 50 मेडल दर्ज हो चुके हैं। भारतीय खिला​ड़ी देश को 9 गोल्ड, 19 सिल्वर और 22 ब्रॉन्ज मेडल जिता चुके हैं। सोशल मीडिया पर इन खिलाड़ियों को बधाई दी जा रही है। उनके सम्मान में लिखा गया है कि हमारे खिलाड़ियों ने मेडल्स की फिफ्टी लगा दी।

आज की यह उपलब्धि इसलिए भी काफी अहम है क्योंकि हमारे देश ने एशियन गेम्स में तीसरी बार पुरुषों की 800 मी. दौड़ में दो मेडल हासिल किए हैं। ऐसा ही संयोग 1951 में देखने को मिला था, तब रंजीत सिंह ने सोना जीता और कुलवंत सिंह ने चांदी। इसके बाद 1962 में एक बार फिर कुछ ऐसा ही इतिहास दोहराया गया। तब दलजीत सिंह ने सिल्वर मेडल पाया और अमृत पाल सिंह ने ब्रॉन्ज। अब 2018 में भारतीय खिलाड़ियों ने एक बार फिर शानदार उपलब्धि दर्ज की है।

आंकड़ों के लिहाज से देखा जाए तो आज भारत ने कुल 8 मेडल अपने नाम किए हैं। मंगलवार का दिन हमारे देश के लिए काफी मंगलमय रहा। आज खेलप्रेमियों के बीच इन खिलाड़ियों की काफी चर्चा है। सोशल मीडिया और गूगल सर्च में इनका नाम ट्रेंड कर रहा है।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture