सलमान खान को फार्महाउस पर सांप ने काटा

घटना उस समय हुई जब सलमान अपने कुछ दोस्तों के साथ बैठे बातें कर रहे थे, अचानक उन्हें अपनी बांह में डंक महसूस हुआ


मुंबई/दक्षिण भारत। अभिनेता सलमान खान को रविवार तड़के पनवेल स्थित उनके फार्महाउस पर सांप ने काट लिया। इसके बाद उन्हें मुंबई के कामोठे अस्पताल ले जाया गया। जानकारी के अनुसार, जिस सांप ने सलमान को काटा, वह जहरीला नहीं था। उन्हें इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। 

इस घटनाक्रम के बाद सलमान आराम कर रहे हैं। बताया गया कि दिग्गज अभिनेता अपने जन्मदिन (27 दिसंबर) के सिलसिले में फार्महाउस गए थे। यहां बगीचे में उन्हें सांप ने काट लिया। 

सलमान का फार्महाउस बहुत बड़ा है जिसमें कई पेड़-पौधे हैं, जो पक्षियों, जीवों का निवास स्थल है। इसके अलावा वहां सांप भी हैं।

घटना उस समय हुई जब सलमान अपने कुछ दोस्तों के साथ बैठे बातें कर रहे थे। अचानक उन्हें अपनी बांह में डंक महसूस हुआ। उनके दोस्त को वहां सांप नजर आया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

सलमान को करीब छह-सात घंटे अस्पताल में बिताने पड़े। वे इलाज के बाद पनवेल फार्महाउस लौट आए हैं। बताया गया कि उनके स्वास्थ्य में काफी सुधार है। अभिनेता के प्रशंसक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

देश-दुनिया के समाचार FaceBook पर पढ़ने के लिए हमारा पेज Like कीजिए, Telagram चैनल से जुड़िए

About The Author: Dakshin Bharat