Dakshin Bharat Rashtramat

प्रसिद्ध अभिनेत्री विद्या सिन्हा का निधन, सिने जगत में शोक की लहर

प्रसिद्ध अभिनेत्री विद्या सिन्हा का निधन, सिने जगत में शोक की लहर

विद्या सिन्हा

मुंबई/भाषा। अपने समय की मशहूर अभिनेत्री विद्या सिन्हा का लंबी बीमारी के बाद गुरुवार को निधन हो गया। वे 71 वर्ष की थीं। अभिनेत्री को कथित सांस संबंधी समस्याओं के चलते हाल ही में यहां उपनगरीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सिन्हा की पुत्री जाह्नवी ने बताया, ‘लंबी बीमारी के बाद दोपहर 12 बजे अस्पताल में उनका निधन हो गया।’ विद्या को ‘रजनीगंधा’, ‘छोटी सी बात’ में अमोल पालेकर के साथ अभिनय और ‘पति-पत्नी और वो’ समेत कई फिल्मों में उनके बेहतरीन अभिनय के लिए याद किया जाता है।

इसके अलावा उन्होंने कुछ टीवी धारावाहिकों में भी अभिनय किया, जिनमें ‘काव्यांजलि’, ‘कबूल है’ और ‘कुल्फी कुमार बाजेवाला’ शामिल हैं।

सिन्हा के साथ ‘इत्ती सी खुशी’ टीवी धारावाहिक में काम कर चुके निर्माता राजन शाही ने कहा कि सिन्हा न सिर्फ बेहद प्रतिभाशाली थीं, वे जमीन से जुड़ी हुई शख्सियत थीं।

‘इत्ती सी खुशी’ में सिन्हा के साथ काम कर चुकीं टीवी अभिनेत्री स्मृति कालरा ने उनके निधन को ‘फिल्म और टीवी इंडस्ट्री’ के लिए बड़ी क्षति करार दिया।

फिल्मकार संजय गुप्ता ने ट्वीट किया, ‘विद्याजी की आत्म को शांति मिले। आप स्क्रीन पर अनुग्रह और गरिमा की प्रतीक थीं।’ निर्देशक मधुर भंडाकर, बंगाली सुपरस्टार प्रसन्नजीत चटर्जी ने भी सिन्हा के निधन पर शोक व्यक्त किया।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture