चंद्रयान-2: अमिताभ से लेकर अक्षय तक.. जानिए, किसने क्या कहा

चंद्रयान-2: अमिताभ से लेकर अक्षय तक.. जानिए, किसने क्या कहा

अभिनेता अमिताभ बच्चन एवं अक्षय कुमार

मुंबई/भाषा। ‘चंद्रयान-2’ के लैंडर ‘विक्रम’ का शनिवार की तड़के चांद पर उतरते समय इसरो से संपर्क टूट जाने के बाद फिल्म जगत से जुड़ी हस्तियों ने कहा कि जीत की राह में हमेशा रुकावटें आती हैं और यह मिशन असफलता की श्रेणी में नहीं आता है।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कहा कि चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम का आज तड़के चांद पर उतरते समय जमीनी स्टेशन से संपर्क टूट गया। अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और कमल हासन जैसे प्रमुख कलाकारों ने इसरो के वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करने वाले शब्द कहे और मिशन के लिए उनकी प्रशंसा की।

शाहरुख ने ट्वीट किया, कई बार हम जिस मंजिल पर पहुंचना चाहते हैं वहां नहीं पहुंच पाते हैं। महत्त्वपूर्ण यह है कि हमने मंजिल की तरफ बढ़ना शुरू किया और उम्मीदों तथा भरोसे को कायम रखा। हमारी मौजूदा स्थिति कभी भी हमारी अंतिम मंजिल नहीं होती। वह हमेशा समय और विश्वास के साथ आती है। इसरो पर हमें गर्व है।

वहीं अमिताभ ने ट्वीट किया, गर्व कभी नहीं हारता, हमारा गौरव, हमारी जीत .. इसरो आप पर हमें गर्व है। हासन ने कहा कि चंद्रयान-2 मिशन विफल नहीं हुआ है। उन्होंने साथ ही कहा कि देश चंद्रमा तक पहुंचने के अपने प्रयासों में जल्द ही सफल होगा।

अक्षय कुमार ने कहा कि विज्ञान में हमेशा सफलता की गारंटी नहीं होती लेकिन हमें आगे बढ़ते रहना चाहिए। उन्होंने ट्वीट किया, बिना प्रयोग के कोई विज्ञान नहीं है..कई बार हम सफल होते हैं, कई बार सीखते हैं। इसरो के शानदार वैज्ञानिकों को हमारा सलाम, हमें गर्व है और भरोसा है कि चंद्रयान-2 जल्द ही चंद्रयान-3 के लिए रास्ता बनाएगा। हम फिर से उठ खड़े होंगे।

फिल्मकार करण जौहर ने कहा, इसरो के अद्भुत प्रयासों को सलाम और उनकी सराहना। वे जो भी करते हैं उन सब पर हमें बहुत गर्व है…ऐसे राष्ट्र का हिस्सा होना बेहद गौरव की बात है जिसके पास सबसे बुद्धिमान लोग हैं। स्वर सम्राज्ञी लता मंगेशकर ने ट्वीट किया, सिर्फ संपर्क टूटा है, संकल्प नहीं, साहस अब भी बरकरार है। मुझे पूरा यकीन है कि हमें निश्चित तौर पर सफलता मिलेगी। इसरो के हमारे वैज्ञानिकों पर हमें गर्व है। बस आगे बढ़िए।

अभिनेत्री तापसी पन्नू ने इसरो की टीम को देश का हीरो बताया। इसके अलावा अभिनेता फरहान अख्तर, अनुपम खेर, अनिल कपूर, इमरान हाशमी और परेश रावल ने भी इसरो के प्रयासों की सराहना करने के साथ ही वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ की।

About The Author: Dakshin Bharat