Dakshin Bharat Rashtramat

भोजपुरी गाना ‘रिंकिया के पापा’ गाकर यूट्यूब पर छाया नाइजीरियन नौजवान

भोजपुरी गाना ‘रिंकिया के पापा’ गाकर यूट्यूब पर छाया नाइजीरियन नौजवान

samuel singh

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भोजपुरी गाने अपनी मिठास और अलग अंदाज की वजह से भारत सहित कई देशों में मशहूर हो रहे हैं। सोशल मीडिया के रूप में उन्हें एक बड़ा मंच मिल गया है। इन दिनों एक भोजपुरी गाना ‘रिंकिया के पापा’ यूट्यूब पर खूब छाया हुआ है। इसे नाइजीरिया के एक सिंगर सैमुअल सिंह ने आवाज दी है, जिसके बाद यह धूम मचा रहा है। बता दें कि गाना 2002 में आया था, तब इसे मनोज तिवारी ने गाया था जो अब भाजपा के नेता हैं।

सैमुअल सिंह ने इसे दोबारा पेश कर भोजपुरी संगीतप्रेमियों का दिल जीत लिया। यह गाना अब तक 53 लाख बार से ज्यादा देखा जा चुका है। इसे देखने वालों की तादाद बढ़ती जा रही है। नाइजीरियन सिंगर ने इस गाने की मिठास बरकरार रखी है। यही वजह है कि उनकी जुबां से भोजपुरी के बोल खूब पसंद किए जा रहे हैं। यूजर्स ने उनकी आवाज की तारीफ की है।

गौरतलब है कि सैमुअल सिंह का असली नाम सैमुअल अडेपोजू है। वे साल 2010 में कैंसर के इलाज के लिए भारत आए थे। हालांकि उनके हाथ में कैंसर इतना ज्यादा फैल गया कि उसका एक हिस्सा काटना पड़ा। इस दौरान भारतीय संगीत के प्रति उनकी दिलचस्पी पैदा हुई। एक साक्षात्कार में उन्होंने बताया कि कभी-कभी मुझे महसूस होता है कि भारत की संस्कृति को समझने के लिए यहां एक हजार साल रहना पड़ेगा। उन्होंने इस देश की खूबसूरती की बहुत तारीफ की।

सैमुअल ने साल 2012 में भारत के एक कॉलेज में दाखिला लिया और पढ़ाई के साथ ही बॉलीवुड गाने व लोकगीत सुनने लगे। उन्होंने जयपुर के एक विश्वविद्यालय में गाने की प्रस्तुति दी, जिसे खूब पसंद किया गया। इसके बाद उन्होंने भोजपुरी और पंजाबी के लोकगीतों को अपनी आवाज में पेश कर वीडियो बनाए और यूट्यूब पर पोस्ट करने लगे। यहां लोगों ने उन्हें हाथोंहाथ लिया। आज उनके गाने कई देशों में सुने जा रहे हैं। उन्होंने भोजपुरी गाना ‘लॉलीपॉप लागेलू’ भी गाया जो अब भी वायरल होता रहता है।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture