धूमधाम से हुई रजनीकांत की बेटी सौंदर्या की शादी, बधाई देने उमड़ा सोशल मीडिया

धूमधाम से हुई रजनीकांत की बेटी सौंदर्या की शादी, बधाई देने उमड़ा सोशल मीडिया

soundarya marriage

चेन्नई/दक्षिण भारत। सुपरस्टार रजनीकांत की बेटी सौंदर्या और बिजनेसमैन विशगन वनंगामुड़ी की सोमवार को चेन्नई के एक होटल में शादी हुई। इस मौके पर सिनेमा और सियासत के दिग्गजों ने शिरकत की। बता दें कि यह सौंदर्या की दूसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने बिजनेसमैन अश्विन रामकुमार से 2010 में शादी की थी। यह रिश्ता 2017 में तलाक के साथ खत्म हो गया। उनका एक बेटा वेद भी है।

अब सौंदर्या और विशगन हमसफर बन गए हैं। चेन्नई में सुबह नौ बजे से लेकर करीब डेढ़ घंटे तक चली धार्मिक रस्मों के बाद दोनों विवाह के पवित्र बंधन में बंध गए। शादी के मौके पर सौंदर्या ब्लू व गोल्ड सिल्क साड़ी और परंपरागत आभूषण पहने थीं। वहीं विशगन व्हाइट शर्ट और धोती पहने हुए थे। सोशल मीडिया में शादी की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं। यूजर्स ने उन्हें खूब बधाइयां दी हैं।

सुपरस्टार रजनीकांत संगीत समारोह में काला कुर्ता पहने हुए थे। उनकी पत्नी लता ने हरे रंग की साड़ी पहनी थी। इस मौके पर रजनीकांत भी संगीत की धुन पर थिरकते नजर आए। इंस्टाग्राम पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें रजनीकांत मेहमानों के साथ नाचते दिखे।

उल्लेखनीय है कि सौंदर्या ग्राफिक डिजाइनर, फिल्म प्रोड्यूसर और डायरेक्टर हैं। वे मुख्यत: तमिल सिनेमा में कार्यरत हैं। वे फिल्म गोवा (2010) की प्रोड्यूसर रही हैं। उन्होंने बतौर डायरेक्टर रजनीकांत स्टारर फिल्म कोचादाइयां (2014) से शुरुआत की थी। वहीं विशगन बिजनेसमैन के साथ ही अभिनेता भी हैं। उन्होंने पिछले साल रिलीज हुई फिल्म वन्जगर उलगम में अभिनय किया था। विशगन की भी यह दूसरी शादी है।

About The Author: Dakshin Bharat