संस्कृत में ‘शोले’ के संवादों का रोचक वीडियो वायरल, खूब पसंद आया गब्बर का अंदाज

संस्कृत में ‘शोले’ के संवादों का रोचक वीडियो वायरल, खूब पसंद आया गब्बर का अंदाज

gabbar singh sholay

नई दिल्ली। अपने किरदारों और संवादों से मशहूर हुई फिल्म ‘शोले’ का एक वीडियो फेसबुक पर वायरल हो रहा है। खास बात यह है कि वीडियो हिंदी में नहीं बल्कि संस्कृत में है। इस वीडियो में गब्बर सिंह​ और उसके गुर्गों के बीच बातचीत के मशहूर संवाद संस्कृत में पेश किए गए हैं। संवादों का संस्कृत अनुवाद और किरदारों के साथ उसकी प्रस्तुति इतनी रोचक है कि लोगों ने इसे इंटरनेट पर खूब शेयर किया।

सत्तर के दशक में बनी इस फिल्म को पसंद करने वालों की आज भी कमी नहीं है। इसके किरदार जितने मशहूर हुए, संवाद भी उतने ही सराहे गए। कई कॉमेडी शो में ‘शोले’ के इन संवादों पर चुटकुले बने और उन्हें सुनकर लोगों ने खूब ठहाके लगाए। अब संस्कृत में ‘शोले’ की यह झलक भी लाजवाब है। इसे देखकर लोगों ने बीता दौर ​याद किया और संवादों का संस्कृत में अनुवाद शानदार बताया।

गब्बर सिंह द्वारा अपने डाकुओं से सवाल करना, आदमियों की तादाद पूछना, सांबा को संबोधित करना और इनाम का जिक्र वगैरह सबकुछ संस्कृत में है, जिसे लोगों ने हाथोंहाथ लिया और सोशल मीडिया पर मशहूर कर दिया। इस वीडियो को अब तक 14 हजार से ज्यादा बार शेयर किया जा चुका है। इसके अलावा 7 लाख से ज्यादा बार इसे देखा गया है। इसके दर्शकों की संख्या और कमेंट्स बढ़ते जा रहे हैं।

वीडियो में दिखाया गया दृश्य फिल्म के उस हिस्से से लिया गया है जब गब्बर के डाकू रामगढ़ में जय और वीरू से मार खाने के बाद लौटते हैं। तब गब्बर पूरे रौब के साथ आता है और उन्हें फटकारता है। इसके बाद वह सांबा से पूछता है कि उस पर कितना इनाम घोषित किया गया है। सांबा जवाब देता है। उधर गब्बर के खौफनाक इरादे भांपकर कालिया उसका नमक खाने की दुहाई देता है।

वीडियो में सिर्फ संवाद ही संस्कृत में पेश नहीं किए गए, बल्कि बोलने का लहजा, माहौल के अनुसार भावों का भी ध्यान रखा गया है। इसीलिए ‘शोले’ का संस्कृत स्वरूप लोगों को बहुत पसंद आया।

About The Author: Dakshin Bharat