Dakshin Bharat Rashtramat

अभिनेता दिलीप कुमार के बंगले पर कब्जे की कोशिश करने वाले के खिलाफ मामला दर्ज

अभिनेता दिलीप कुमार के बंगले पर कब्जे की कोशिश करने वाले के खिलाफ मामला दर्ज

मुंबई। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने एक बिल्डर के खिलाफ धोखाध़डी का मामला दर्ज किया है जिसने अभिनेता दिलीप कुमार के उपनगर बांद्रा स्थित बंगले पर कथित रूप से कब्जा करने की कोशिश की थी। अधिकारी ने बताया कि बिल्डर समीर भोजवानी ने उन दो भूखंडों पर अपना झूठा दावा किया था जिन पर यह बंगला बना है। बंगला बांद्रा के संभ्रांत पाली हिल इलाके में है। पुलिस को संदेह है कि बंगले पर कब्जे के लिए भोजवानी ने कुछ दस्तावेज जालसाजी कर बनाए थे। पुलिस उपायुक्त पराग मानेरे ने कहा कि दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो ने पुलिस में भोजवानी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। सोमवार को बिल्डर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा, हम मामले की गहराई से प़डताल कर रहे हैं और उसी के मुताबिक कदम उठाया जाएगा। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने दर्ज शिकायत के आधार पर बताया कि दिग्गज अभिनेता ने बंगले के लिए ये दोनों भूखंड वर्ष १९५३ में १.४० लाख रुपए में खरीदे थे।भोजवानी ने दावा किया कि उसके पिता ने वर्ष १९८० में वह संपत्ति मूलराज खताऊ न्यास से खरीद ली थी। फिलहाल भोजवानी फरार है। मामला दर्ज किए जाने के बाद आर्थिक अपराध शाखा के अधिकारियों ने बांद्रा में भोजवानी के आवास पर छापा मारा। अधिकारी ने बताया कि वहां से चाकू और छुरे समेत कई हथियार बरामद किए गए।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture