Dakshin Bharat Rashtramat

केरलः कासरगोड में अनंतपद्मनाभ स्वामी मंदिर का चर्चित मगरमच्छ मृत पाया गया

केरलः कासरगोड में अनंतपद्मनाभ स्वामी मंदिर का चर्चित मगरमच्छ मृत पाया गया
मंदिर की झील में 70 साल से रह रहे इस मगरमच्छ को ‘बबिया’ नाम से पुकारा जाता था


कासरगोड/भाषा। केरल के श्री अनंतपद्मनाभ स्वामी मंदिर की झील में बीते कई दशकों से रह रहा, एकमात्र मगरमच्छ रविवार देर रात मृत पाया गया। दावा किया जाता है कि यह मगरमच्छ शाकाहारी था।

मंदिर के अधिकारियों ने बताया कि मंदिर की झील में 70 साल से रह रहे इस मगरमच्छ को ‘बबिया’ नाम से पुकारा जाता था। वह शनिवार से लापता था।

अधिकारियों ने कहा कि रविवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे मृत मगरमच्छ झील में तैरता पाया गया। मंदिर प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस और पशुपालन विभाग को दी।

मृत मगरमच्छ को झील से बाहर निकाल कर शीशे के बक्से में रखा गया। विभिन्न राजनेताओं सहित कईं लोगों ने सोमवार को उसके अंतिम दर्शन किए।

मंदिर के अधिकारियों का दावा है कि मगरमच्छ शाकाहारी था और मंदिर में बने ‘प्रसादम’ पर ही निर्भर था।

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा कि 70 वर्षों से अधिक समय से मंदिर में रहने वाले ‘‘भगवान के इस मगरमच्छ’’ को ‘सद्गति’ प्राप्त हो।

मंदिर के अधिकारियों ने बताया कि मृत मगरमच्छ को सोमवार दोपहर को पास के एक गड्ढे में दफना दिया जाएगा।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture