40 सालों से कर रहा लूटपाट, 160 मामले दर्ज, अब चोरी के आरोप में गिरफ्तार

करीब 54 साल का प्रकाश सोलादेवनहल्ली का निवासी है


बेंगलूरु/दक्षिण भारत। राजाजीनगर पुलिस ने एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसका 40 सालों से लूटपाट का इतिहास रहा है। यही नहीं, उसके खिलाफ 160 मामले हैं। वह 20 से ज्यादा बार जेल जा चुका है।

करीब 54 साल का प्रकाश सोलादेवनहल्ली का निवासी है। यह शख्स 1978 से ही ऐसी गतिविधियों में लिप्त है, जब एसएसएलसी की पढ़ाई कर रहा था। उसकी तीन बीवियों और सात बच्चों का पता चला है। उसने अपने भाई, बेटे और दामाद को भी आपराधिक गतिविधियों में भागीदार बना रखा है।

प्रकाश ने 1997 में गोवा से 7 किलो सोना चुराया था। हाल में शेषाद्रिपुरम की एक दुकान से 4 किलो सोना चुराने का आरोप है। राजाजीनगर पुलिस को प्रकाश की तलाश थी। इसी दौरान उसके पास चोरी का एक मामला आया। जब फिंगर प्रिंट के सैंपल की जांच की गई तो वह प्रकाश का पाया गया। इस सबूत के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

About The Author: Dakshin Bharat