Dakshin Bharat Rashtramat

कर्नाटकः भाजपा युवा मोर्चा के नेता की हत्या के मामले में 2 लोग गिरफ्तार

कर्नाटकः भाजपा युवा मोर्चा के नेता की हत्या के मामले में 2 लोग गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हावेरी जिले के सावनूर निवासी जाकिर और बेल्लारे के मोहम्मद शफीक के रूप में हुई है


मेंगलूरु/भाषा। कर्नाटक पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा मोर्चा नेता प्रवीण नेत्तारू की हत्या के मामले में बृहस्पतिवार को दक्षिण कन्नड़ जिले से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

दक्षिण कन्नड़ जिले के पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश भगवान सोनवणे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हावेरी जिले के सावनूर निवासी जाकिर (29) और बेल्लारे के मोहम्मद शफीक (27) के रूप में हुई है।

पुलिस ने कहा कि प्रवीण नेत्तारू की हत्या की साजिश के पीछे दोनों आरोपी शामिल हैं।

इससे पहले अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) आलोक कुमार ने जिले के सुलिया तालुक में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि इस मामले की सभी कोणों से जांच की जा रही है।

उन्होंने बेल्लारे का दौरा कर मौजूदा स्थिति का जायजा भी लिया। आलोक कुमार ने कहा कि इस हत्या की जांच के लिए मेंगलूरु शहर के पुलिस आयुक्त और उडुपी पुलिस की मदद से छह टीमों का गठन किया गया है।

गौरतलब है कि मंगलवार रात को जिला भाजपा युवा मोर्चा समिति के सदस्य प्रवीण नेत्तारू (32) की बेल्लारे में उसकी दुकान के सामने मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता पुत्तूर के पास बेल्लारे में ब्रॉयलर की दुकान चलाते थे।

भाजपा युवा मोर्चा के नेता की हत्या के बाद बुधवार को दक्षिण कन्नड़ जिले में कई स्थानों पर तनाव उत्पन्न हो गया। कई जगहों पर पथराव और पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की खबरें आई हैं।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture