Dakshin Bharat Rashtramat

चक्रवात प्रभावितों के लिए मुआवजे में की गई वृद्धि

चक्रवात प्रभावितों के लिए मुआवजे में की गई वृद्धि

कन्याकुमारी। मुख्यमंत्री ईडाप्पाडी के पलानीस्वामी ने बुधवार को राज्य में चक्रवात के दौरान मारे गए मछुआरों के परिजनों के लिए घोषित मुआवजे की राशि बढाकर दोगुणी कर दी। पहले सरकार की ओर से घोषणा की गई थी कि चक्रवात के दौरान मरने वाले मछुआरों के परिजनों को प्रति परिवार १० लाख का मुआवजा दिया जाएगा लेकिन अब सरकार ने इस राशि को बढाकर २० लाख रुपए करने का निर्णय लिया है। चक्रवात प्रभावित जिलोेें का दौरा करके चेन्नई लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने बुधवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर इस बात की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य के लापता मछुआरों को ढूंढने का अभियान फिलहाल जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा है कि मंगलवार को चक्रवात प्रभावित जिलों का दौरा करने के दौरान मछुआरों ने उनसे अनुरोध किया था जिन मछुआरों की चक्रवात के दौरान मौत हुई है उनके लिए घोषित मुआवाजे की राशि में वृद्धि की जाए। इन किसानों के अनुरोध को स्वीकार करते हुए सरकार ने मुआवजे की राशि में वृद्धि करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य सरकार ने समुद्र में लापता हुए मछुआरों को ढूंढने के लिए केन्द्रीय गृह मंत्री से भी बातचीत की है। पलानीस्वामी ने कहा है कि जिन मछुआरों की मौत हुई उनके परिवार के किसी एक योग्य व्यक्ति को सरकार नौकरी भी देगी। उल्लेखनीय है कि हाल ही में केरल सरकार ने चक्रवात के दौरान मरने वाले अपने राज्य के मछुआरों के लिए प्रत्येक मृतक मछुआरे के परिवार के लिए २० लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की थी इसके बाद से ही लगातार राज्य सरकार पर मुआवजे की राशि में वृद्धि करने का दबाव बनाया जा रहा था। राज्य की विपक्षी पार्टियों द्वारा भी यह मांग की जा रही थी कि प्रत्येक मृत मछुआरों को केरल सरकार द्वारा घोषित मुआवजे के समान ही २० लाख रुपए का मुआवजा दिया जाए।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture