Dakshin Bharat Rashtramat

आंध्र प्रदेश: गोदावरी नदी में नौका पलटी, कई लोगों के डूबने की आशंका

आंध्र प्रदेश: गोदावरी नदी में नौका पलटी, कई लोगों के डूबने की आशंका

घटनास्थल पर मौजूद राहतकर्मी एवं लोग

अमरावती/भाषा। आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में रविवार दोपहर गोदावरी नदी में एक पर्यटन नौका पलटने से कई लोगों के डूबने की आशंका है। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। एएनआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक 23 यात्रियों को बचा लिया गया है। हालांकि, दुर्घटना का पूरा ब्योरा और दुर्घटनाग्रस्त नौका पर सवार यात्रियों की सटीक संख्या का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

गोदावरी नदी पिछले कुछ दिनों से पूरे उफान पर है। पूर्वी गोदावरी जिला पुलिस अधीक्षक अदनान अस्मी ने कहा, ‘हम विस्तृत जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।’

सूत्रों ने बताया कि आंध्र प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित नौका पर करीब 60 लोग सवार थे, जिनमें चालक दल के करीब 11 सदस्य भी शामिल हैं।

सूत्रों ने बताया कि नौका कच्चुलुरु के पास पलट गई। मुख्य सचिव ने बताया कि दुर्घटना के पीड़ितों का पता लगाने के लिए एक हेलीकॉप्टर की सेवा ली जा रही है।

About The Author: Dakshin Bharat