Dakshin Bharat Rashtramat

परिवार पर हुए हमले के बाद शख्स ने तेंदुए को मार गिराया

परिवार पर हुए हमले के बाद शख्स ने तेंदुए को मार गिराया
परिवार पर हुए हमले के बाद शख्स ने तेंदुए को मार गिराया

प्रतीकात्मक चित्र। स्रोत: PixaBay

हासन/दक्षिण भारत। कर्नाटक के हासन जिले के एक व्यक्ति ने अपने और अपने परिवार पर हमला करने वाले तेंदुए को मार गिराया। जानकारी के अनुसार, अरासीकेरे तालुक निवासी राजगोपाल नाइक अपनी पत्नी चंद्रम्मा और बच्चे किरण के साथ मोटरसाइकिल पर घर जा रहे थे, तभी झाड़ियों के बीच से अचानक निकले एक तेंदुए ने उन पर हमला बोल दिया।

तेंदुए ने किरण के पैर को काटना शुरू कर दिया और चंद्रम्मा पर भी हमला करने की कोशिश की। जिसके बाद राजगोपाल ने उसे गर्दन से पकड़ कर उसके सिर को अपनी कोहनी से मारना शुरू कर दिया। तेंदुए ने खुद को राजगोपाल की पकड़ से मुक्त करने की कोशिश की। हालांकि, राजगोपाल ने उसे जाने नहीं दिया और तेंदुए के गले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। इसके बाद तेंदुए की दम घुटने से मौत हो गई। हाथापाई में राजगोपाल के चेहरे और माथे पर भी चोटें आईं।

चश्मदीदों के अनुसार, राजगोपाल उन्हें लहूलुहान अवस्था में तेंदुए की लाश के बगल में बैठा दिखाई दिया था। इस दौरान घटनास्थल पर कई स्थानीय लोग जमा हो गए। बाद में राजगोपाल और उनके परिवार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

वन अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया और तेंदुए के शव को परीक्षण के लिए पशु अस्पताल भेज दिया गया। बता दें कि इस महीने की शुरुआत में, कर्नाटक में एक शौचालय के अंदर एक कुत्ते और तेंदुए का वीडियो वायरल हो गया था। इसमें कुत्ते को चमत्कारिक ढंग से सात घंटे के बाद जिंदा बचाया गया। हालांकि तेंदुआ वहां से भाग गया।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture