Dakshin Bharat Rashtramat

बेलगावी: शाह की रैली से किला मजबूत करेगी भाजपा

बेलगावी: शाह की रैली से किला मजबूत करेगी भाजपा
बेलगावी: शाह की रैली से किला मजबूत करेगी भाजपा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह। फोटो स्रोत: फेसबुक पेज।

बेलगावी/दक्षिण भारत। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश अंगड़ी के निधन से खाली हुई बेलगावी लोकसभा सीट पर फिर से ‘कमल’ खिलाने के लिए भाजपा अपना किला मजबूत करने में जुटी है। इसी सिलसिले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 17 जनवरी को यहां रैली करेंगे।

भाजपा नेताओं ने बताया कि शाह बेलगावी के जिला स्टेडियम में रैली ‘जनसेवक समावेश’ को संबोधित करेंगे जिसको लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। रैली के लिए तैयारियां जोरों पर हैं और भाजपा के नेता, कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर अभियान चला रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि रैली में देशभर से भाजपा के कई बड़े नाम जुटेंगे। इस आयोजन के लिए भाजपा नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। पार्टी उपचुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंकेगी।

सूत्रों के अनुसार, बेलगावी लोकसभा सीट और बसवकल्याण एवं मास्की विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान आगामी दिनों में होने की संभावना है। शाह यहां रैली कर पार्टी के लिए न केवल चुनाव प्रचार करेंगे, बल्कि हाल में हुए मंत्रिमंडल विस्तार से ‘असंतुष्टों’ को भी साधेंगे।

इस बारे में एक सूत्र ने बताया कि पूरी संभावना है कि शाह ऐसे ‘असंतुष्टों’ के गिले-शिकवे दूर करेंगे। वे उपचुनाव में विजय सुनिश्चित करेंगे और कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।

इसके अलावा, शाह हालिया कृषि कानूनों पर छिड़े विवाद और किसानों के कल्याण के लिए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए कृषि क्षेत्र को मिले फायदों का भी जिक्र कर सकते हैं, चूंकि कर्नाटक में कृषि हमेशा एक बड़ा मुद्दा रहा है।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture