Dakshin Bharat Rashtramat

कर्नाटक: मंड्या मंदिर के पुजारियों की हत्या मामले में 5 गिरफ्तार

कर्नाटक: मंड्या मंदिर के पुजारियों की हत्या मामले में 5 गिरफ्तार
कर्नाटक: मंड्या मंदिर के पुजारियों की हत्या मामले में 5 गिरफ्तार

प्रतीकात्मक चित्र। फोटो स्रोत: PixaBay

बेंगलूरु/भाषा। कर्नाटक के मंड्या में मंदिर के तीन पुजारियों की हत्या के मामले में सोमवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। मंड्या के पुलिस अधीक्षक परशुराम के. ने बताया कि हमने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि चार अन्य फरार हैं। इस मामले में कुल नौ लोग शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि उनमें से आठ मंड्या और रामनगर जिले से हैं जबकि एक आंध्र प्रदेश के चित्तूर से था। मंड्या के एक प्रसिद्ध मंदिर में 10 सितंबर को नौ चोरों ने कथित तौर पर तीन पुजारियों आनंद, गणेश और प्रकाश की हत्या कर दी और मंदिर से नकदी लेकर फरार हो गए।

पुलिस सूत्रों ने कहा कि पुजारी ही मंदिर की सुरक्षा का ध्यान रखते थे। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ लोग मंड्या जिले के मद्दुर तालुक में एक बस स्टैंड पर संदिग्ध तरीके से घूम रहे थे।

पुलिस सूत्रों ने कहा कि जब पुलिस ने उन्हें घेर कर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, तो उन्होंने पुलिसकर्मियों पर तेजधार वाले हथियारों से हमला कर भागने की कोशिश की और एक इंस्पेक्टर को घायल कर दिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘पुलिस को आत्मरक्षा में गोलियां चलानी पड़ीं जिससे तीन लोगों के पैरों में गोली लग गई।’ पुलिस अन्य अपराधों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। संदेह है कि उन्होंने शहर में एक और मंदिर लूटा है।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture