Dakshin Bharat Rashtramat

भाजपा दक्षिण में कर रही विस्तार, अंजू बॉबी जॉर्ज और एन. भास्कर राव ने ग्रहण की सदस्यता

भाजपा दक्षिण में कर रही विस्तार, अंजू बॉबी जॉर्ज और एन. भास्कर राव ने ग्रहण की सदस्यता

अंजू बॉबी जॉर्ज भाजपा की सदस्यता ग्रहण करते हुए।

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। उत्तर भारत में प्रसार के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब दक्षिण में भी अपना विस्तार कर रही है। शनिवार को दो चर्चित चेहरों ने भाजपा का दामन थाम लिया। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. भास्कर राव भाजपा में शामिल हो गए हैं। वहीं, एथलेटिक्स में देश का परचम लहराने वाली अंजू बॉबी जॉर्ज ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

कर्नाटक की राजधानी बेंगलूरु में सदस्यता अभियान कार्यक्रम के दौरान राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येड्डियुरप्पा की मौजूदगी में अंजू बॉबी जॉर्ज भाजपा में शामिल हुईं। कार्यक्रम में भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। बता दें कि अंजू के नाम एथलेटिक्स में भारत के लिए पहला अंतरराष्ट्रीय मेडल जीतने का रिकॉर्ड दर्ज है। अंजू ने साल 2003 में फ्रांस के पेरिस में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया था।

दूसरी ओर, केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. भास्कर राव भी भाजपा में शामिल हो गए। शाह ने तेलंगाना में भाजपा के सदस्यता अभियान का आगाज किया था। इस दौरान कांग्रेस को झटका देते हुए एन. भास्कर राव भाजपा में आ गए।

शाह ने रंगारेड्डी जिले के ममदीपल्ली ग्राम निवासी आदिवासी महिला जतवती सोनी के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और पार्टी के सदस्यता अभियान का कार्ड जारी कर अभियान प्रारंभ किया। उन्होंने यहीं दोपहर का भोजन किया। शाह के साथ केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी. किशन रेड्डी, भाजपा की तेलंगाना इकाई के प्रमुख के लक्ष्मण, राष्ट्रीय महासचिव पी मुरलीधर राव सहित कई नेता मौजूद थे। सदस्यता अभियान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब शेयर की जा रही हैं।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture